असेंबली से ऑफिस तक, फायर ऑडिट कराए सरकार; दिल्ली अग्निकांड के बाद अखिलेश की मांग
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सभी सरकारी कार्यालयों और फायर ब्रिगेड स्टेशनों का फायर ऑडिट कराने की मांग की। उन्होंने भाजपा सरकार पर नियमों के चयनात्मक पालन, व्यापारियों के उत्पीड़न और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की।

दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र स्थित एक होटल में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत की घटना पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सपा मुखिया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड में 21 लोगों की मौत का समाचार बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बड़े-बड़े दावों के बावजूद इस तरह की घटनाएं शासन और प्रशासन की कार्यप्रणाली की पोल खोलती हैं। सपा अध्यक्ष ने प्रदेश में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों और फायर ब्रिगेड स्टेशनों का व्यापक फायर ऑडिट कराने की मांग की है।
असेंबली से ऑफिस तक फायर ऑडिट की मांग
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा, प्रमुख सचिव कार्यालय से लेकर सभी छोटे-बड़े सरकारी कार्यालयों तथा फायर ब्रिगेड के सभी स्टेशनों का फायर ऑडिट कराया जाना चाहिए। उनका कहना है कि अग्नि सुरक्षा मानकों की निष्पक्ष जांच से वास्तविक स्थिति सामने आएगी और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकेगा। उन्होने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नियम-कानूनों का हवाला देकर व्यापारियों और कारोबारियों पर कार्रवाई करती है, लेकिन खुद उन्हीं नियमों का पालन करने में विफल रहती है।
मीडिया की मौजूदगी में हो कार्यालयों की जांच
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिष्ठान में कोई कमी पाई जाती है तो उसे सुधार के लिए उचित समय दिया जाना चाहिए, न कि सीधे तालाबंदी जैसी कार्रवाई की जानी चाहिए। अखिलेश यादव ने भाजपा और उसके सहयोगियों के कार्यालयों की भी जांच कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और विश्वसनीय निष्पक्ष मीडिया की मौजूदगी में भाजपा तथा उसके सहयोगियों के कार्यालयों की वैध-अवैध गतिविधियों की जांच होनी चाहिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और जनता के सामने सच्चाई आ सके।
मायावती ने हादसे पर जताई सांत्वना
वहीं बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने भी एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुआ अग्निकांड अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और अनेक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। बीएसपी चीफ ने केंद्र सरकार और दिल्ली प्रशासन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके। दिल्ली अग्निकांड को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है, जबकि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों के साथ घटना की जांच में जुटा हुआ है।




साइन इन