कॉकपिट में धुंआ से आसमान में खलबली, एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट ने सोमवार को इमरजेंसी लैंडिंग की। विमान के कॉकपिट में अचानक धुआं महसूस होने के बाद पायलट ने एटीसी से संपर्क कर विमान को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा। सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं।

UP News: बागडोगरा (पश्चिम बंगाल) से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट (आईएक्स-1523) में सोमवार शाम आसमान में ही उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के कॉकपिट में धुआं महसूस हुआ। पायलट ने तुरंत अमौसी एयरपोर्ट लखनऊ के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क कर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने शाम 5ः17 बजे फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति दी। कुछ ही देर बाद विमान को सुरक्षित लैंड करा लिया गया। विमान में क्रू मेंबर समेत कुल 148 यात्री सवार थे। फ्लाइट के सुरक्षित उतरने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। चालक दल और सभी पैसेंजर सुरक्षित हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, बंगाल से दिल्ली जा रही फ्लाइट जब बिहार पार कर उत्तर प्रदेश के आकाश में करीब 36 हजार फीट की ऊंचाई पर थी, तभी पायलट को कॉकपिट के एवियोनिक पैनलों से धुआं निकलने की आशंका हुई। इसके बाद तुरंत इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू करते हुए यात्रियों को ऑक्सीजन मास्क उपलब्ध कराए गए और विमान को निकटतम सुरक्षित एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट एटीसी से बात की और उतरने की इजाजत मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल इजाजत दी गई।
लखनऊ एयरपोर्ट पर पहले से ही आपातकालीन तैयारियां कर ली गई थीं। फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और सुरक्षा एजेंसियां रनवे पर अलर्ट मोड में तैनात रहीं। विमान के उतरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद से विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर ही रात भर खड़ा रहा। पिछले 15 घंटे से अधिक समय से तकनीकी जांच जारी है। एयरलाइन की जांच टीमें इस बात की जांच कर रही हैं कि धुआं किस कारण से उत्पन्न हुआ।
इस बीच, यात्रियों को असुविधा न हो इसके लिए एयरलाइन ने वैकल्पिक व्यवस्था की। कई यात्रियों को रात भर में अलग-अलग फ्लाइट्स के जरिए दिल्ली भेज दिया गया, जबकि कुछ पैसेंजर्स को यहीं होटल में ठहराया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कोई बड़ी तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से विमान की विस्तृत जांच की जा रही है।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
समय रहते पायलट द्वारा धुआं महसूस कर एटीसी को सूचना देने और तत्काल निर्णय लेने से बड़ा हादसा टाल गया। विशेषज्ञों के अनुसार, एवियोनिक सिस्टम में जरा सी गड़बड़ी भी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है, ऐसे में समय पर की गई इमरजेंसी लैंडिंग ने सभी यात्रियों की जान बचा ली।




साइन इन