यूपी पंचायत चुनाव से पहले लापरवाह सचिवों के खिलाफ बड़ा ऐक्शन, 17 की रुक गई सैलरी
स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद विकास खंडों में तैनात ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में रुचि नहीं ली गई और न ही समय पर अनुपालन सुनिश्चित किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित सचिवों ने न तो पहले दिए गए निर्देशों का पालन किया और न ही आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए।

UP News: उत्तर प्रदेश में एक तरफ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं दूसरी तरफ शासन के विभिन्न विभाग गांवों में हो रहे विकास कार्यों पर पूरा फोकस कर रहे हैं। इसके साथ ही गांवों में चल रहे कामकाज की कड़ी निगरानी भी की जा रही है। इसी क्रम में यूपी के अम्बेडकरनगर जिले में लापरवाह सचिवों पर बड़ा ऐक्शन हुआ है। अम्बेडकरनगर के जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र पांडेय ने विशेष ऑडिट के दौरान लापरवाही बरतने वाले जिले के 17 ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। सभी लापरवाह सेक्रेटरी का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक अवरुद्ध कर दिया है।
वित्तीय वर्ष 2017-18 से 2023-24 तक के विशेष ऑडिट के अनुपालन की समीक्षा के लिए 16 मार्च को जिला स्तर पर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला लेखा परीक्षा अधिकारी, सहायक समितियां एवं पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद जिले के अलग विकास खंडों में तैनात ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण में रुचि नहीं ली गई और न ही समय पर अनुपालन सुनिश्चित किया गया। जांच में सामने आया कि संबंधित सचिवों ने न तो पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन किया और न ही आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों की सूची जारी की है।
आदेश में कहा गया है कि सूचीबद्ध सभी 17 सचिवों को एक सप्ताह के भीतर अपने-अपने ग्राम पंचायतों से संबंधित ऑडिट आख्या का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही अनुपालन आख्या सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के माध्यम से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीपीआरओ ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में आदेश का अनुपालन न करने पर संबंधित सचिवों के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इन ग्राम पंचायत अधिकारियों का रुका है एक दिन का वेतन
जिन ग्राम पंचायत अधिकारियों का एक दिन वेतन डीपीआरओ ने अवरुद्ध किया है उसमें सुशील शाह, सरिता शुक्ला, रामजीत यादव, माण्डवी उपाध्याय, विनय वर्मा, धीरेन्द्र पासवान, इन्द्र कुमार वर्मा, मनीष कुमार सिंह, विश्वनाथ पटेल, अमरजीत वर्मा, विनय कुमार मिश्र, प्रदीप कुमार वर्मा, रामप्रताप, शरद भारती, रवीन्द्र कुमार चौधरी, राजेश वर्मा और प्रशांत पटेल शामिल हैं।




साइन इन