agra wrestler gaurav chahar pulls car with waist reach vrindavan sant premanand darshan up news प्रेमानंद महाराज से मिलने का गजब जुनून; कमर से कार खींचकर आगरा से वृंदावन पहुंचा पहलवान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

प्रेमानंद महाराज से मिलने का गजब जुनून; कमर से कार खींचकर आगरा से वृंदावन पहुंचा पहलवान

आगरा के पहलवान गौरव चाहर ने संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए कमर से कार खींचकर 90 किलोमीटर की यात्रा पूरी की है। 2 अप्रैल से शुरू हुई यह यात्रा रविवार को वृंदावन पहुंची। गौरव का उद्देश्य महाराज का आशीर्वाद लेना और युवाओं को शक्ति व भक्ति का संदेश देना है।

Mon, 6 April 2026 10:17 AMYogesh Yadav वृंदावन, हिन्दुस्तान संवाद
share
प्रेमानंद महाराज से मिलने का गजब जुनून; कमर से कार खींचकर आगरा से वृंदावन पहुंचा पहलवान

UP News: धर्म नगरी वृंदावन में रोजाना हजारों भक्त अपने आराध्य और संतों के दर्शन के लिए उमड़ते हैं, लेकिन रविवार को आगरा से आए एक युवक ने भक्ति और शारीरिक शक्ति का जो प्रदर्शन किया, उसने सबको हतप्रभ कर दिया। आगरा का एक पहलवान अपनी कमर से रस्सी बांधकर कार खींचते हुए 90 किलोमीटर का लंबा सफर तय कर कान्हा की नगरी पहुंचा। उसका यह जुनून संत प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने और उनका आशीर्वाद लेने के लिए थी।

90 किलोमीटर का संघर्षपूर्ण सफर

आगरा के अकोला चाहर वाटी क्षेत्र के निवासी पहलवान गौरव चाहर ने अपनी यह हैरतअंगेज यात्रा 2 अप्रैल को अपने पैतृक गांव से शुरू की थी। चिलचिलाती धूप और पथरीले रास्तों की परवाह किए बिना, गौरव ने अपनी कमर में मोटी रस्सी बांधी और भारी-भरकम कार को खींचना शुरू किया। आगरा से वृंदावन की दूरी लगभग 90 किलोमीटर है, जिसे उन्होंने रविवार को पूरा किया। जैसे ही वह कार खींचते हुए वृंदावन की सीमाओं में दाखिल हुए। स्थानीय लोगों और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ उन्हें देखने के लिए उमड़ पड़ी। लोग इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करने लगे। 'राधे-राधे' के जयघोष से माहौल गुंजायमान हो गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:परियोजनाओं में लेटलतीफी पर योगी नाराज, अफसरों को सख्त निर्देश, तय होगी जवाबदेही

परिजनों ने बढ़ाया हौसला

गौरव ने बताया कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन मन में संत प्रेमानंद महाराज से मिलने की इच्छा ने उन्हें रुकने नहीं दिया। इस पूरी यात्रा के दौरान गौरव के परिजन और उनके मित्र निरंतर उनके साथ रहे। वे न केवल गौरव का हौसला बढ़ाते रहे, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी कार के आसपास मौजूद रहे। गौरव का कहना है कि वे प्रेमानंद महाराज के प्रवचनों से बेहद प्रभावित हैं और उनसे व्यक्तिगत वार्ता कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करना चाहते हैं।

भक्ति और योग का संदेश

पहलवान गौरव चाहर का यह प्रयास केवल एक रिकॉर्ड बनाने के लिए नहीं था, बल्कि वे इसके जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और शारीरिक सौष्ठव के साथ अध्यात्म से जुड़ने का संदेश देना चाहते हैं। हालांकि, रविवार को भारी भीड़ और सुरक्षा कारणों के चलते उनकी मुलाकात महाराज से नहीं हो पाई, लेकिन उनका कहना है कि वे दर्शन किए बिना वापस नहीं जाएंगे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:ऑफिस में सीनियर परेशान करते हैं, सहन नहीं होता, प्रेमानंद महाराज ने बताया उपाय
ये भी पढ़ें:पहले हम जाकर व्यवस्था करेंगे…, प्रेमानंद महाराज का बहन जी से भावुक संवाद, VIDEO

संतों के प्रति ऐसी कठिन तपस्या और श्रद्धा भाव आज के दौर में विरले ही देखने को मिलता है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर गौरव के इस कारनामे के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोग उनकी इस कठिन 'कार-सेवा' की सराहना कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही उनकी मुलाकात प्रेमानंद महाराज से होगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।