यूपी में LPG सिलेंडर ब्लैक करने पर जेल जाएंगे एजेंसी के मालिक और कर्मचारी, एक पर मुकदमा दर्ज
यूपी में एलपीजी सिलेंडर ब्लैक करने पर गैस एजेंसी के मालिक और कर्मचारी जेल जाएंगे। उपभोक्ताओं को सिलेंडर न देने और ब्लैक करने के मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है।

UP News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक एलपीजी गैस के मालिक और कर्मचारी जेल जाएंगे। यहां कसमंडा के सरौराकला स्थित आरके सिंह इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी की मालिक रामश्री व कर्मचारियों पर बुकिंग के बाद भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर न देने और ब्लैक करने के मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह की तहरीर पर कसमंडा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। उपभोक्ताओं की शिकायत पर डीएसओ ने टीम के साथ एजेंसी पर छापेमारी कर स्टॉक चेक किया था। इस दौरान 315 सिलेंडर की कालाबाजारी सामने आई थी। जिसके बाद एजेंसी सील कर दी गई थी
पूर्ति निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह ने तहरीर दी है कि कसमंडा के सरौराकला स्थित आरके सिंह इण्डेन ग्रामीण वितरक में कुछ दिनों से शिकायत मिल रही थी कि एलपीजी गैस सिलेंडर बुक कराने के बाद भी एजेंसी द्वारा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। उपभोक्ताओं की शिकायत थी कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति का मैसेज उनके पास आ चुका है पर सिलेंडर नहीं दिया है। इसकी पूछताछ पर गैस एजेंसी के कर्मचारी टालमटोल कर जाते हैं। बीते 10 मार्च को एजेंसी का क्लोजिंग स्टॉक 14 प्रदर्शित किया गया, जबकि ऑयल कंपनियों के अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन स्टॉक 200 एलपीजी गैस सिलेंडर होना बताया गया। बीते 14 मार्च को एजेंसी का निरीक्षण किया गया तो एजेंसी बंद मिली। पूछने पर पता लगा कि गैस एजेंसी का स्टॉक शून्य होने के कारण एजेंसी बंद है।
जांच के दौरान भारी अनियमितता मिली
बीते 21 मार्च को इण्डियन ऑयल कार्पोरेशन के एलपीजी सेल्स द्वारा निरीक्षण में एजेन्सी का शटर खुला पाया गया, परन्तु गैस गोदाम पर ताला लगा मिला। गैस एजेन्सी की मालकिन रामश्री की बेटी से फोन पर सम्पर्क करने पर वैवाहिक समारोह होने की बात कहकर आने में असमर्थता व्यक्त की गयी। इसपर डीएसओ अखिलेश कुमार श्रीवास्तव रविवार को टीम के साथ जांच करने पहुंचे। डीएसओ के मुताबिक, जांच के दौरान भारी अनियमितता मिली। कुल 315 गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। जिसमें घरेलू गैस सिलेंडर की संख्या 241 है। वहीं, कामर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की संख्या 74 है।
वर्तिका इण्डेन ग्रामीण वितरक से ले सकते हैं सिलेंडर
डीएसओ अखिलेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आरके सिंह इण्डेन ग्रामीण वितरत एजेंसी में अनियमितता मिलने पर एजेंसी सीज कर दी गई है। इस एजेंसी के उपभोक्ता वर्तिका इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। वर्तिका इण्डेन ग्रामीण वितरक एजेंसी में 447 कनेक्शन सम्बद्ध कर दिये गए हैं।




साइन इन