खराब मौसम में भी कम नहीं हुआ उत्साह, उल्लासपूर्वक मनी ईद
Kushinagar News - कुशीनगर में ईद उल फितर शनिवार को धूमधाम से मनाई गई। मुस्लिम समुदाय ने बारिश के बावजूद मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा की। नमाजियों ने एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी और बच्चों ने मेले में खेल और मिठाइयाँ खरीदी। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

कुशीनगर, हिन्दुस्तान टीम। ईद उल फितर (ईद) शनिवार को जिले भर में उल्लासपूर्वक मनाई गई। सुबह से ही खराब मौसम के बावजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने तयशुदा कार्यक्रम के तहत अपने निकट की मस्जिदों और ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की। नमाजियों ने मुल्क और परिवार की सलामती की दुआ मांगी। उसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सभी ईदगाहों पर मेला लगा रहा, जहां बच्चों ने झूला और विभिन्न प्रकार के खेलों का आनंद लिया और खिलौने व मिठाइयां खरीदी।पडरौना शहर की जामा मस्जिद, सुन्नी मस्जिद गुदरी बाजार, कटनवार रोड बेलवा चुंगी, हथिसार मोहल्ला व जमालपुर, ईदगाह खिरिया टोला, बसहिया, मटियरवा, छावनी, कठकुइयां मोड़, नौका टोला सहित आस-पास के क्षेत्रों के ईदगाहों में सुबह ईद की नमाज अदा की गई।
सुबह से ही कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश के बावजूद लोग तयशुदा समय पर मस्जिदों व ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की।कुबेरस्थान संवाद के अनुसार कुबेरस्थान क्षेत्र के बतरौली बाजार, अमवा बुजुर्ग, कल्याण छापर, गंगौली, फागूपुर विशुनपुरा, धरनी छापर, भटवलिया, शिवपुर, सखवनिया, बालखंडी स्थान, सरेया, गांगरानी, सिकटा, बड़गांव, प्रधानपट्टी, शुक्लपट्टी, पिपरा जटामपुर, परसौनी, अमवा बुजुर्ग सहित सभी गांवों के ईदगाहों व मस्जिदों में ईद उल फितर की नमाज़ अदा की गई। इसके लिए अकीदतमंदों ने शनिवार की भोर से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। घर के बड़े बुजुर्गों के साथ ही बच्चे भी नए कपड़े पहने इत्र की खुशबुओं से लबरेज़ होकर नमाज़ अदा करने के लिए ईदगाहों व मस्जिदों को निकल पड़े। नमाज़ के वक़्त से कुछ देर पहले ही काफी संख्या में अकीदतमंद अपने गांवों के ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंचकर नमाज़ अदा करने के लिए सफों में लग गए। जामा मस्जिद बतरौली बाजार में ख़तीबो ईमाम मुफ़्ती ज़्याउल हक़ क़ासमी ने इमामत कर ईद उल फ़ितर की नमाज़ अदा कराई। तय वक़्त के मुताबिक सुबह ठीक 8.30 बजे अकीदतमंदों ने शांति एवं सौहार्द के साथ नमाज़ अदा कर मुल्क की सलामती व अमन-चैन की दुआ मांगी। उसके बाद एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। सभी ईदगाहों व मस्जिदों के आस-पास मेला लगा रहा, जहां घर के छोटे बच्चों के साथ ही परिजन भी मिठाई व खिलौनों की खरीदारी करते रहे। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए एसओ कुबेरस्थान हर्षवर्धन सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र के सभी ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास पुलिसकर्मी तैनात रहे।हाटा संवाद के अनुसार सुबह 7.30 बजे से ही एडीएम वैभव मिश्र व एएसपी सिद्धार्थ वर्मा के नेतृत्व में एसडीएम हाटा योगेश्वर सिंह, सीओ कसया कुन्दन सिंह, कोतवाल संजय कुमार दुबे भारी संख्या में पुलिस बल व पीएसी के साथ करमहा चौराहा से लेकर समीप स्थित मदनी मस्जिद के सामने ईदगाह पर तैनात रहे। दस बजे तक तीन चक्र में मुफ्ती साजिद खान ने लगभग साढ़े तीन हजार नमाजियों को नमाज पढ़ाया। उसके बाद रोजेदारों ने बगल में स्थित नपा परिसर में अध्यक्ष रामानंद सिंह व ईओ मीनू सिंह द्वारा आयोजित ईद मिलन कार्यक्रम में शामिल होकर एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकवाद दी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद के नमाज के समय पुलिस व तहसील प्रशासन भ्रमणशील रहा। नगर में करमहा चौराहे से लेकर हर प्वाइंट पर सुरक्षाकर्मी अलर्ट रहे। कोतवाल संजय दुबे ने बताया कि नगर सहित पूरे क्षेत्र में सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से ईद की नमाज संपन्न हुई।जटहां बाजार संवाद के अनुसार क्षेत्र के पकहां लुकपुर, विशुनपुरा बुजुर्ग, नुनियापट्टी, जटहां बाजार और कटाई भरपुरवा सहित अन्य गांवों के ईदगाहों में भी ईद की नमाज अदा की गई। लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर ईद की बधाई दी।पटहेरवा संवाद के अनुसार क्षेत्र के पिपराकनक में स्थित जामा मस्जिद में क्षेत्र के पिपरा कनक, बोदा टोला, मठिया, हसनपुरा, धुसवा, गगलवा चैनपट्टी, मीर बिहार, खुद्दी टोला, शाह टोला, करमैनी, पटहेरवा, महुअवा आदि गांवों के लोगों ने शनिवार को सुबह ईद-उल-फितर की नमाज अदा की। पिपराकनक के पेश ईमाम मौलाना शम्सुज्जमा मिसवाही ने कहा कि ईद-उल-फितर त्याग, सब्र और भाईचारे का त्योहार है। यह हमें एक-दूसरे के साथ प्रेम और सद्भाव से रहने की प्रेरणा देता है। इस दौरान ग्राम प्रधान मजीबुल होदा, साहिल सिद्दीकी, साजिद सिद्दीकी, कयूम सिद्दीकी, उमर उर्फ सद्दाम, गोलू सिद्दीकी सहित अनेंक लोग मौजूद रहे। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ईद हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। दिन भर सेवइयों और दावतों का दौर चलता रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन