हमीरपुर के बाद अब आगरा में यमुना पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब भरभराकर गिरा, बाल-बाल बचे मजदूर
यूपी में हमीरपुर के बाद आगरा में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरा है। हादसे में हालांकि किसी को चोट नहीं लगी है। घटना से ठीक पहले मजदूर खाना खाने निकल गए थे। हमीरपुर हादसे में छह मजदूरों की जान चली गई थी और कई घायल हुए थे।

यूपी में एक हफ्ते के अंदर ही दूसरे निर्माणाधीन पुल पर हादसा हुआ है। हमीरपुर के बाद अब आगरा में थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव भोलपुरा के पास यमुना नदी पर निर्माणाधीन पुल का 53 मीटर लंबा स्लैब भरभराकर गिर पड़ा। वहां कार्य कर रहे मजदूर कुछ देर पहले ही खाना खाने के लिए हटे थे। इससे बड़ा हादसा टल गया और किसी को चोट नहीं लगी है। यह स्लैब एक दिन पहले ही रखा गया था। क्रेन से दूसरा स्लैब रखने के दौरान यह हादसा हुआ। मौके पर तहसील की टीम पहुंची। इससे पहले हमीरपुर में 29 मई को आंधी-तूफान के बाद निर्माणाधीन पुल का बड़ा हिस्सा धराशायी होने से छह मजदूरों की मौत हो गई थी।
आगरा में फतेहाबाद क्षेत्र के भोलपुरा गांव के पास यमुना नदी पर फिरोजाबाद को जोड़ने के लिए पुल निर्माण चल रहा है। कार्यदायी संस्था राजकीय सेतु निगम है। बताया गया है कि वहां बुधवार को 53 मीटर लंबा स्लैब रखा गया था। बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे करीब क्रेन की सहायता से दूसरा स्लैब पिलर पर रखने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान अचानक 53 मीटर लंबा स्लैब कुछ ही सेकंडों में नीचे गिर गया।
धमाके से मचा हड़कंप
स्लैब गिरते ही तेज धमाका हुआ और हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालत देख वहां कुछदेर पहले तक काम कर रहे मजदूर कांप गए। गनीमत रही कि हादसे के ठीक पहले वहां कार्य कर रहे सभी मजूदर खाना खाने के लिए चले गए थे। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी अधिकारियों को दी गई तो वहां भी खलबली मच गई।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
जानकारी पर राजस्व निरीक्षक फतेहाबाद जितेंद्र सिंह व हल्का लेखपाल अजय सिंह मौके पर पहुंचे। हादसे के बारे में जानकारी की। वहां मौजूद सेतु निगम के सुपरवाइजर शिवम चौहान ने बताया कि स्लैब पिलर पर लकड़ी के गट्टे पर रखा था। गट्टा निकलने की वजह से स्लैब गिरा है।
एसडीएम स्वाति शर्मा के अनुसार निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने की सूचना पर क्षेत्रीय लेखपाल व कानूनगो को मौके पर भेजा था। जानकारी जुटाई गई है। स्लैब गिरने की जांच कराई जाएगी। इसके गिरने से कोई जनहानि और पशुहानि नहीं हुई है।
हमीरपुर में खराब मैटेरियल से निर्माण मिला
हमीरपुर हादसे के बाद विपक्षी नेताओं ने सत्ता पक्ष पर हमले तेज कर दिए थे। सीएम योगी ने जांच कर ऐक्शन का निर्देश दिया था। मौके पर पहुंची टीम ने पाया कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री का निर्माण किया जा रहा है।




साइन इन