देह व्यापार और नाबालिग से रेप में बदनाम होटल को प्रशासन ने किया जब्त, इस एक्ट के तहत ऐक्शन
गोरखपुर के शाहपुर में गीता वाटिका के पास स्थित फ्लाई इन होटल-2 के मालिक पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। 10 जनवरी को पुलिस टीम ने उसके होटल और हुक्का बार में छापा मारा था। इस मामले में तीन नाबालिग लड़कियों ने गैंग रेप का केस दर्ज कराया था। उसके बाद होटल संचालक अनुराग सिंह व अन्य को गिरफ्तार किया गया था।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के शाहपुर इलाके में देह व्यापार और नाबालिग से रेप के मामले में चर्चित फ्लाई इन-2 होटल को शुक्रवार को पुलिस और प्रशासन की टीम ने जब्त कर लिया। रामगढ़ताल थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के तहत यह कार्रवाई हुई है। इस कीमत छह करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस का दावा है कि होटल मालिक अनुराग सिंह ने अवैध धंधे की कमाई से यह होटल खड़ा किया है।
शाहपुर में गीता वाटिका के पास स्थित फ्लाई इन होटल-2 के मालिक अनुराग सिंह पर कई आपराधिक केस दर्ज हैं। 10 जनवरी को पुलिस टीम ने उसके होटल और हुक्का बार में छापा मारा था। इस मामले में तीन नाबालिग लड़कियों ने गैंग रेप का केस दर्ज कराया था। उसके बाद होटल संचालक अनुराग सिंह व अन्य को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस की जांच में आरोपियों का एक बड़ा गिरोह सामने आया था, जिसके बाद 14 लोगों पर 2025 में गैंगस्टर की कार्रवाई हुई थी। जिसमें गैंग लीडर अनिरुद्ध ओझा और सदस्य के रूप में प्रियांशु जायसवाल,अनुराग सिंह, राजन उर्फ वशीम अहमद, विमल विश्वकर्मा, मुस्कान उर्फ माला पासवान, श्रेय शुक्ला,नंदनी उर्फ परी, अजय सिंह, अनुराग त्रिपाठी, संजीत कुमार जायसवाल, आकाश गुप्ता, गौरव कुमार कशौधन का नाम इस मामले में सामने आया।
सभी आरोपितों की अपराध से कमाई गई सपत्ति का ब्योरा जुटाया जाने लगा। इसी क्रम में पुलिस प्रशासन ने अनुराग सिंह के होटल को जब्त कर लिया है। सीओ कैंट (आईपीएस) ने बताया कि आरोपी अनुराग सिंह द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त किया गया है। जब्त संपत्ति में ‘होटल फ्लाई इन-2’ शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 14(1) के अंतर्गत की गई है। वहीं नोटिस का जवाब न मिलने पर जीडीए ने भी भवन को सील कर दिया था।
25 मार्च को खुली थी अनुराग की हिस्ट्रीशीट
शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाई इन-2 होटल के संचालक अनुराग सिंह की पुलिस ने ‘बी’ श्रेणी के तहत हिस्ट्रीशीट भी खोली है। इसके साथ ही अब इसकी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। शाहपुर थाना क्षेत्र के फ्लाई इन होटल में संचालित जेनिस बॉटल रेस्टोरेंट में हुक्का बार चल रहा था। पुलिस की छापेमारी में यहां देह व्यापार का खुलासा हुआ था।
जांच में सामने आया कि होटल संचालक अनुराग सिंह अपने साथियों के साथ देह व्यापार का गिरोह चला रहा था। अनुराग सिंह मूल रूप से देवरिया का रहने वाला है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, पोक्सो एक्ट और अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।




साइन इन