adarsh caught in trap of isi agent ashi betrayed the country and confessed ISI एजेंट आशी के हुस्न जाल में फंसकर देश से गद्दारी, जासूसी में पकड़ाए आदर्श ने किया कबूल, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

ISI एजेंट आशी के हुस्न जाल में फंसकर देश से गद्दारी, जासूसी में पकड़ाए आदर्श ने किया कबूल

आदर्श की शादी 19 फरवरी को हाथरस के विसावर से हुई थी। वह हनीमून मनाने दुबई गया था। वह अवकाश पर अपने घर आगरा आया था। उसकी गतिविधियों पर एटीएस की नजर पहले से थी। आगरा आने पर उसे बुलाकर पूछताछ की गई और ISI से उसके रिश्ते खुल गए। आदर्श इंस्टाग्राम के जरिए आईएसआई की कथित एजेंट आशी के संपर्क में आया था।

Wed, 11 March 2026 10:36 PMAjay Singh हिन्दुस्तान टीम, आगरा/लखनऊ
share
ISI एजेंट आशी के हुस्न जाल में फंसकर देश से गद्दारी, जासूसी में पकड़ाए आदर्श ने किया कबूल

UP News: यूपी का आतंकवाद निरोधक दस्ता पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए नौसेना की गोपनीय सूचनाएं लीक करने वाले कुछ अन्य संदिग्धों की भी पड़ताल कर रहा है। जासूसी के आरोप में गिरफ्तार आगरा निवासी नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी ने कबूला है कि वह आशी नाम की आईएसआई एजेंट के संपर्क में था। तीन साल पहले उसे फंसाया गया था। वहीं, एटीएस मई 2024 में गोरखपुर से पकड़े गए आईएसआई एजेंट राम सिंह से भी लकी के कनेक्शनों की छानबीन कर रही है।

इंस्टा पर कीर्ति बनी आशी ने फंसाया लकी को

एटीएस अधिकारियों के अनुसार आदर्श ने वर्ष 2021 में नौसेना ज्वाइन की थी और वर्तमान में दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्चि (केरल) में तैनात था। आगरा के कागारौल के गांव चीतपुर के मूल निवासी आदर्श की शादी 19 फरवरी को हाथरस के विसावर से हुई थी। इसके बाद वह हनीमून मनाने दुबई गया था। बीते दिनों वह अवकाश पर अपने घर आगरा आया था। उसकी गतिविधियों पर एटीएस की नजर पहले से थी। आगरा आने पर उसे बुलाकर पूछताछ की गई और आईएसआई से उसके रिश्ते खुल गए। लगभग तीन वर्ष पहले आदर्श इंस्टाग्राम के जरिए आईएसआई की कथित एजेंट आशी के संपर्क में आया था। आशी ने अपना नाम कीर्ति बता कर आदर्श को अपने जाल में फंसाया और दोनों के बीच वाट्सऐप काल पर बातचीत होने लगी। इसके बाद उसका संपर्क पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के अन्य एजेंटों से हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नौसेना का लांस नायक आदर्श पकिस्तानी के लिए कर रहा था जासूसी, ATS ने किया अरेस्ट

एटीएस रिमांड पर लेकर करेगी पूछताछ

एटीएस उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर भी आगे की पूछताछ कर सकती है। एटीएस ने इससे पूर्व गोरखपुर से मई 2024 में राम सिंह को गिरफ्तार किया था। राम सिंह गोवा में शिपयार्ड नेवल बेस में अस्थायी कर्मचारी था और उसने भी आईएसआई एजेंटों को युद्धक जहाजों की तस्वीरें भेजी थीं। राम सिंह भी हनी ट्रैप का शिकार हुआ था।

आईएनएस विक्रांत की भी भेजी थी तस्वीर

आईएसआई के जाल में फंसे लांस नायक आदर्श ने कई गोपनीय सूचनाएं साझा की थीं। सूत्रों के अनुसार, उसने आईएनएस विक्रांत व आईएनएस इक्षक (सर्वेक्षण पोत) की तस्वीरें भी भेजी थीं। आदर्श को कई जानकारियां भेजने का लक्ष्य भी सौंपा गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गैस सिलेंडरों के लिए बढ़ा इंतजार, ईरान-इजराइल युद्ध का असर; इन जिलों में कतार

व्हाट्सऐप में ऐसे लगाई जाती है सेंध

सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान में भारतीय नंबर पर व्हाट्सऐप चलाए जा रहे हैं। सिमकार्ड भारत में लिए जाते हैं। ओटीपी बता दिया जाता है। पाकिस्तान में दूसरे मोबाइल पर उस नंबर का व्हाट्सऐप शुरू हो जाता है। सुरक्षा एजेंसियों को गच्चा देने के लिए यह तरीका अख्तियार किया गया है। आदर्श के मामले की जांच में ऐसे ही कुछ तथ्य सामने आ रहे हैं। एटीएस की एक टीम आगरा में कई और लोगों के बारे में गोपनीय रूप से जांच कर रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी: कैशलेस इलाज बीमा योजना से जुड़ा एक और बड़ा वर्ग, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

चितरपुर गांव में सन्नाटा, लोगों को विश्वास नहीं

लायंस नायक आदर्श को एटीएस गांव चीतपुर से ही उठाकर ले गई थी। ग्रामीणों को इसकी जानकारी बुधवार सुबह हुई। हर किसी की जुबां पर एक ही बात थी कि आखिर उसने ऐसा क्यों किया। ग्रामीण हैरान हैं, परेशान हैं। आखिर आदर्श ने यह क्या किया। उन्हें तो उस पर गर्व था जब वह नौसेना में गया। गांव में युवकों को उसका उदाहरण दिया जाता था। आदर्श के परिजन तो किसी भी सूरत में यह मानने को तैयार नहीं है कि बेटा आईएसआई के लिए जासूसी कर रहा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी: फिर कुत्तों का आतंक, SDM के बाद इस जिले में बच्ची पर किया हमला; हालत गंभीर

वीरों के लिए जाना जाता है चाहरवाटी क्षेत्र

चाहरवाटी क्षेत्र हमेशा से सेना में सेवा देने वाले जवानों और वीरता के लिए जाना जाता रहा है। यहां से बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं। ऐसे में जासूसी के आरोप में हुई गिरफ्तारी ने पूरे क्षेत्र की छवि को धूमिल कर दिया है। लोग अलग-अलग तरह की बातें कर रहे हैं, वहीं पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से जांच में जुटी हुई हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।