नौसेना का लांस नायक आदर्श पकिस्तानी एजेंसी ISI के लिए कर रहा था जासूसी, एटीएस ने किया गिरफ्तार
नौसेना का लांस नायक आदर्श पकिस्तानी एजेंसी ISI के लिए जासूसी कर रहा था। नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी को गिरफ्तार किया है। वह नौसेना में दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्चि (केरल) में तैनात है।

यूपी में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस ) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में नौसेना के लांस नायक आदर्श कुमार उर्फ लकी को गिरफ्तार किया है। वह नौसेना में दक्षिणी नेवल कमांड, कोच्चि (केरल) में तैनात है। आगरा का निवासी लकी हनी ट्रैप का शिकार हुआ था। उससे पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की छानबीन की जा रही है।
एटीएस अनुसार आरोपी पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट के लगातार संपर्क में था और भारत की जासूसी कर रहा था। इसकी भनक लगने पर एटीएस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक सर्विलांस के आधार पर छानबीन की। आगरा के ग्राम चीतपुर, थाना कागारोल क्षेत्र निवासी आदर्श कुमार उर्फ लकी को एटीएस के लखनऊ स्थित मुख्यालय बुलाकर पूछताछ की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। छानबीन में इस बात की भी पुष्टि हुई कि आदर्श उर्फ लकी के खाते में आईएसआई एजेंट ने रकम भी भेजी थी और उसने रणनीतिक महत्व की दृष्टि से संवेदनशील युद्धक पोतों की तस्वीरें आईएसआई एजेंट से साझा की थीं।
आदर्श की देश विरोधी गतिविधियों और पाकिस्तान बेस्ड खुफिया एजेंसी के तंत्र में आपराधिक संलिप्तता पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर मंगलवार को विशेष कोर्ट में पेश किया गया। उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एटीएस उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर आगे की छानबीन करेगी।




साइन इन