यूपी में हादसा: सड़क किनारे तालाब में गिरी वैन, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
कानपुर देहात जिले में एक वैन सड़क किनारे एक तालाब में जा गिरी, जिससे दो वर्षीय लड़के सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

यूपी में एक बार फिर हादसा हो गया। कानपुर देहात जिले में एक वैन सड़क किनारे एक तालाब में जा गिरी, जिससे दो वर्षीय लड़के सहित एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि औरैया जिले का रहने वाला यह परिवार शुक्रवार शाम कल्याणपुर में एक रिश्तेदार के घर एक समारोह में शामिल होने के बाद घर लौट रहा था, तभी जिला मुख्यालय से लगभग 40 किमी दूर शिवली के सवई गांव के पास यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने मृतकों की पहचान राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री (55), उनकी बेटी हिमांशी अग्निहोत्री (30) और उनके दो वर्षीय पोते शिव अग्निहोत्री के रूप में की है। इस निजी वैन में 11 लोग सवार थे। अधिकारियों के मुताबिक, चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वैन सड़क किनारे तालाब में जा गिरी और धीरे-धीरे गहरे पानी में डूब गयी। लोगों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शिवली थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने बचाव अभियान चलाया।
गोताखोरों की मदद से वैन को बाहर निकाला
जेसीबी मशीन और स्थानीय गोताखोरों की मदद से वैन को बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि सभी पीड़ितों को शिवली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। बाद में घायलों को बेहतर इलाज के लिए लाला लाजपत राय अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडे ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि चालक राजकुमार का पता नहीं चल सका है और तलाश अभियान जारी है।
ट्राई साइकिल को बचाने में तालाब में गिरी कार
इसी तरह का हादसा संभल से भी सामने आया है। गांव मझावली में तेज रफ्तार कार ट्राई साइकिल सवार को बचाने के टक्कर में अनियंत्रित होकर तालाब में घुस गई। जिसमें ट्राई साइकिल सवार एक युवक घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। क्षेत्र के गांव मझावली निवासी सचिन गिरी सोमवार देररात कार से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह अलीपुर बुजुर्ग मझावली मार्ग पर सामने आ रही ट्राई साइकिल को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर तालाब में घुस गई। जिसमें ट्राई साइकिल सवार अमरपाल व वीरपाल सवार थे। हादसे में वीरपाल पुत्र छत्रपाल निवासी अलीपुर बुजुर्ग बोलेरो की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से बोलेरो को तालाब से बाहर निकलवाया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।




साइन इन