UP Weather: बांदा में रिकार्डतोड़ गर्मी के बीच झांसी-ललितपुर में फुहारें, आज इस इलाके में भी होगी बारिश
Rain in UP : गर्मी के तीखे तेवरोंं के बीच कल झांसी और ललितपुर में राहत की फुहारें पड़ीं हैं। आज भी उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में बादल छाने और बारिश होने की उम्मीद है। सोमवार को बांदा का तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। साल 1951 के बाद से अब तक इतना तापमान नहीं दर्ज किया गया था।

UP Weather : उत्तर प्रदेश के बांदा में अप्रैल महीने में सर्वाधिक गर्मी का नया रिकॉर्ड बन गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बांदा का अधिकतम पारा 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साल-1951 से अब तक इतना तापमान कभी दर्ज नहीं किया गया। देश में सबसे गर्म रहे शहरों की सूची में भी बांदा सबसे ऊपर रहा। इस बीच पूर्वी यूपी पर चक्रवाती हवा की स्थिति है, जिसकी ट्रफ लाइन बंगाल खाड़ी तक है। इससे पुरवा चल रही है, जिससे बुंदेलखंड छोड़ बाकी प्रदेश में अधिकतम पारा चार डिग्री तक गिर गया। देश के उत्तर पश्चिमी हिस्से को प्रभावित कर रहा विक्षोभ असर दिखाएगा। सोमवार को ललितपुर, झांसी में छिटपुट बारिश हुई। मंगलवार को पूर्वी यूपी में भी बदली, बारिश का सिलसिला चलेगा। सरकार ने हीटवेव के प्रदेश के सभी विद्यालयों में विशेष इंतजाम की एडवाइजरी जारी की है। ओआरएस, ग्लूकोज, इलेक्ट्रोलाइट्स, आयरन, उपचार किट देने निर्देश हैं।
वहीं, सोमवार को पुरवा हवा चलने से मध्य और पूर्वी यूपी के अधिकतर जिलों में तपिश से तो राहत रही लेकिन उमस बेहाल कर रही है। बाराबंकी में बेचैन करने वाली रात रही जहां न्यूनतम पारा 30.0 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.4 डिग्री अधिक रहा। आईएमडी लखनऊ के अनुसार प्रदेश में बुंदेलखंड में तपिश रही। बांदा में 75 साल में पहली बार इतना अधिक तापमान अप्रैल में दर्ज किया गया है। इसके पूर्व इसी साल 25 अप्रैल को 47.4 और 30 अप्रैल 2022 को भी 47.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। अब यह 0.2 डिग्री और ऊपर चला गया।
पुरवा ने पारा गिराया, उमस ने किया बेहाल
पिछले एक सप्ताह से तपिश झेल रहे लखनऊ को रविवार-सोमवार की आधी रात से चलना शुरू हुई नम पुरवा हवा ने राहत दी। जहां सुबह से ही हवा गर्म महसूस हो रही थी, सोमवार को थोड़ी राहत रही। दिन अधिकतम तापमान भी एक दिन पहले के मुकाबले तीन डिग्री कम रहा। यह 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बावजूद इसके हवा में नमी की अधिकता से उमस ने बेहाल किया।
हवा की आद्रता जो एक दिन पहले तक न्यूनतम 15 प्रतिशत थी वह बढ़कर आज 31 हो गई। ऐसे में गर्मी से राहत देने में कूलर-पंखे नाकाफी साबित हो रहे थे। आईएमडी लखनऊ के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देश के उत्तर पश्चिमी हिस्सों में शुरू हो गया है। साथ ही यूपी के पूर्वी हिस्से में भी एक हवा की चक्रवाती स्थिति बनी है। इसकी वजह से पुरवा ने जोर पकड़ा और राजस्थान से होकर आ रही गर्म उत्तर पश्चिमी हवा कमजोर पड़ गई। मंगलवार से बुधवार के बीच बादलों की आवाजाही के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं, सोमवार को न्यूनतम पारा 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.7 ज्यादा रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25 और अधिकतम 39 डिग्री के आसपास रह सकता है।
आगरा में 44.4 डिग्री तापमान और बढ़ी उमस ने किया बेहाल
आगरा में सोमवार को 44.4 डिग्री तापमान और 60 फीसदी उमस ने पसीना निकाल दिया। खुले में निकलने वाले लोग पसीने से तर-बतर हो गए। दोपहर में तेज गर्म हवाओं से झुलसने का एहसास हुआ। देर शाम तक राहत नहीं मिली। रविवार को अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि इससे पहले शनिवार को 44.5 डिग्री तापमान रहा था। इस लिहाज से यह सीजन में अब तक का सबसे गर्म दिन साबित हुआ। सोमवार को तापमान ने दोबारा जोर मारा और सुबह से तेज धूप के साथ उमस की मार पड़ी। इधर, दोपहर में बेहद गर्म हवाओं ने खुले में टिके रहना मुश्किल कर दिया। इससे तापमान में और बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि निचला पारा सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक होकर 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
देर रात आई आंधी, आज भी अलर्ट
भीषण गर्मी के बाद सोमवार देर रात आई आंधी ने मौसम को बदल दिया। कुछ इलाकों में होर्डिंग्स और बैनर उखड़ गए। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की है। धूल भरी आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
प्रयागराज में डेढ़ डिग्री गिरा दिन का पारा, फिर भी राहत नहीं
प्रयागराज में पिछले तीन दिनों से दिन का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के बाद सोमवार को 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सोमवार को अधिकतम पारा 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बावजूद भीषण गर्मी व तपिश से लोगों को राहत नहीं मिली। सुबह नौ बजे के बाद आसमान तेज धूप का असर दिखाई देने लगा। जिसकी वजह से दिनभर शरीर को झुलसा देने वाली गर्मी से लोग बेहाल होते हुए दिखाई दिए।
23 अप्रैल को अधिकतम पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 24 को प्रयागराज 45.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा के साथ पूरे देश में सर्वाधिक गर्म रहा जबकि 25 अप्रैल को अधिकतम पारा 45.5 दर्ज और 26 अप्रैल को 45.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान में 1.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई। घूरपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अखिलेश यादव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अधिकतम पारे में गिरावट दर्ज की गई है। तीस अप्रैल तक अधिकतम तापमान और अधिक गिर सकता है। 29 व 30 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और बूंदाबादी हो सकती है। एक और दो मई को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। जिसकी वजह से अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
वाराणसी में ‘पुरवा’ ने दी तपिश से राहत
पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी के प्रभाव से आ रही आर्द्र पुरवा हवाओं ने सोमवार को तपिश से बड़ी राहत दी है। दिन और रात के तापमान में गिरावट हुई है। अगले तीन से चार दिनों तक बादलों की आवजाही रहेगी। इस दौरान बूंदाबादी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने एक मई को गरज-चमक का भी संकेत दिया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक लू पर ब्रेक रहने का संकेत है।
सोमवार की सुबह तेज धूप निकली थी। दिन चढ़ते ही तापमान बढ़ता गया। दोपहर में सूरज के तेवर तल्ख थे लेकिन 26 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही पुरवा हवा के कारण तपिश महसूस नहीं हो रही थी। हालांकि दिन में हल्की उमस भी महसूस हो रही थी। दिन का तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा 41.1 और रात का तामपान सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन में तीन और रात के तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई है। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिसके कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। अगले दो से तीन दिन में तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट होगी। इस दौरान बूंदाबादी भी हो सकती है।
गोरखपुर में ठंडी हवा ने दी राहत, आज से छाएंगे बादल
गोरखपुर में मंगलवार दोपहर बाद से मौसम बदलने की संभावना है। आसमान में बादलों की एंट्री होगी। धूल भरी आंधी के बीच कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। इसका असर सोमवार से ही दिखने लगा। नेपाल की तरफ से पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं ने दिन में सूरज की तपिश को थाम दिया।
दिन के तापमान में लगातार दूसरे दिन गिरावट हुई है। पिछले 48 घंटे में दिन के तापमान में करीब सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो चुकी है। सोमवार को दिन का पारा सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे 35.6 डिग्री रहा। वहीं पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा।




साइन इन