इंसान की जान की कीमत, एक सिगरेट? चलती ट्रेन से चना बेच रहे वेंडर को धक्का दिया; गई जान
28 वर्षीय राहुल चौरसिया उर्फ बड़े पुत्र मक्खन लाल चौरसिया ट्रेन में चना बेचने का काम करता था। वह इंटरसिटी ट्रेन में चलता था। बुधवार को वह कानपुर से चित्रकूट जा रही इंटरसिटी ट्रेन में फतेहपुर से सवार हुआ। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मनौरी रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन में राहुल से एक यात्री ने सिगरेट मांगा।

UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से चित्रकूट जा रही इंटरसिटी ट्रेन में एक इंसान की जान एक सिगरेट से भी सस्ती हो गई। यहां ऐसी घटना हुई है जिसे देखने वाले हैरान रह गए। इस ट्रेन में सिगरेट न देने पर एक युवक ने चलती ट्रेन से चना बेच रहे फतेहपुर के एक वेंडर को धक्का दे दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस दौरान वेंडर से हुई उसकी धक्का-मुक्की का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि ‘लाइव हिन्दुस्तान’ वायरल हो रहे वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।
फतेहपुर के खागा कोतवाली क्षेत्र के बलदी का पूरा निवासी 28 वर्षीय राहुल चौरसिया उर्फ बड़े पुत्र मक्खन लाल चौरसिया ट्रेन में चना बेचने का काम करता था। वह इंटरसिटी ट्रेन में चलता था। वह बुधवार को कानपुर से चित्रकूट जा रही इंटरसिटी ट्रेन में फतेहपुर से सवार हुआ। सुबह करीब साढ़े नौ बजे मनौरी रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन में राहुल से एक यात्री ने सिगरेट मांगा।
उसने देने से मना कर दिया तो गाली देते हुए उस युवक ने उसे चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। राहुल चरवा थाना क्षेत्र के चिल्लाशहबाजी गांव के सामने गिरा। उसे काफी चोट आई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर आरपीएफ ने उसे सीएचसी चायल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
करीब छह घंटे तक सीएचसी चायल में शव स्ट्रेचर पर पड़ा रहा। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ के उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल रेलवे पुलिस से बाहर है।
मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। चरवा इंस्पेक्टर महेश कुमार का कहना है कि इस मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी सच्चाई खंगाली जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन