महिला को हाथ पकड़कर जबरन ले गया दरोगा, थाने में मारपीट; CCTV से खुलासे पर 4 लाइन हाजिर
महिला का आरोप है कि थाने के बाहर दुकान पर बैठकर प्रार्थना पत्र लिखते समय सादे कपड़ों में पहुंचे दरोगा उसका हाथ पकड़कर जबरन अंदर ले गए। इसके बाद थाने के अंदर छह-सात पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और विरोध करने पर और प्रताड़ित किया। इस मामले में दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर कर दिए गए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बेलघाट थाने में न्याय की उम्मीद लेकर पहुंची एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच में सीसीटीवी फुटेज से आरोपों की पुष्टि होने पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने दरोगा अशोक सिंह और तीन सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच एसपी दक्षिणी को सौंपी गई है।
बेलघाट थाना क्षेत्र के सोनू की पत्नी नेहा ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि 29 अप्रैल को उसके पति के चचेरे भाई ने घर में घुसकर पत्नी और साली के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत लेकर वह अपनी मां और भाई के साथ थाने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि थाने के बाहर दुकान पर बैठकर प्रार्थना पत्र लिखते समय सादे कपड़ों में पहुंचे दरोगा अशोक सिंह उसका हाथ पकड़कर उसे जबरन थाने के अंदर ले गए। इसके बाद थाने के अंदर छह-सात पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट की और विरोध करने पर और प्रताड़ित किया।
नेहा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके खिलाफ ही शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया और 500 रुपये लेकर उसे तहसील भेज दिया। जमानत के बाद उसे तहसील परिसर में अकेला छोड़ दिया गया, जिससे वह असुरक्षित महसूस करती रही और किसी तरह घर पहुंच सकी। इस मामले की एसएसपी ने जांच कराई तो सीसीटीवी फुटेज में दरोगा और सिपाहियों द्वारा महिला के साथ अभद्र व्यवहार की पुष्टि हुई।
इसके आधार पर दरोगा अशोक सिंह और तीन सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। एसएसपी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन