सस्ते सोने के झांसे से रहें सावधान, इस जिले में हो गई करोड़ों की ठगी; जानें पूरा मामला
आरोपियों ने गोल्ड बुकिंग के नाम पर 90 दिन में ज्वेलरी देने का झांसा देकर उनसे करीब 11 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। न तो ज्वेलरी दी गई और न ही पैसा वापस किया गया। पैसा मांगने पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। पीड़ितों के आरोपी एजेंट बनाकर कई जिलों में करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।

UP News : सोने के दाम आसमान छू रहे हैं। ऐसे में कहीं आप सस्ते सोने के झांसे में न आ जाइएगा। सोने के बढ़े दाम के बीच सस्ते में बुकिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सनड्रापशिप प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर, गोरखपुर के पुर्दिलपुर निवासी सुनील सिंह और उसके सहयोगियों राजेश कुमार, यूसुफ, कृष्णा चतुर्वेदी और मुमताज आलम उर्फ चांद ने सुनियोजित तरीके से लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी की है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
मोहनापुर, पादरी बाजार निवासी कुशाग्र सिन्हा ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने गोल्ड बुकिंग के नाम पर 90 दिन में ज्वेलरी देने का झांसा देकर उनसे करीब 11 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। समय बीतने के बाद न तो ज्वेलरी दी गई और न ही पैसा वापस किया गया। पैसा मांगने पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। कुशाग्र के अनुसार, 3.40 लाख रुपये सुनील सिंह के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया खाते में, 4 लाख रुपये कंपनी के खाते में तथा 3.60 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा एक लैपटॉप और दो मोबाइल भी बुक कराए गए, जो आज तक नहीं मिले।
इसी मामले में एक अन्य पीड़ित विकास कुमार ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी के आईडी के माध्यम से अलग-अलग तिथियों में कुल 2.63 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। आरोप है कि तीन माह में रकम बढ़ाकर देने और लैपटॉप उपलब्ध कराने का लालच दिया गया, लेकिन 9-10 महीने बाद भी न पैसा मिला न कोई सामान। वहीं, त्रिलोकपुर निवासी रविशंकर ने आरोप लगाया कि सुनील सिंह और उसके सहयोगियों ने उनके भाई के नाम से आईडी बनाकर करीब 1.65 लाख रुपये की ठगी की। आरोपियों ने 90 दिन में गोल्ड देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई लाभ नहीं मिला।
पीड़ितों का कहना है कि आरोपी एजेंट बनाकर गोरखपुर सहित अन्य जिलों में भी लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं। पैसा मांगने पर आरोपियों द्वारा धमकी दी जाती है और बड़े अधिकारियों से संबंध होने की बात कहकर मामला दबाने का प्रयास किया जाता है।
क्या बोली पुलिस
गोरखपुर के एसपी सिटी निमिष पाटिल ने कहा कि तहरीर के आधार पर कंपनी के डायरेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखधड़ी, धमकी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन