A major campaign will begin in UP from 4 april, CM Yogi will launch it from Varanasi यूपी में कल से शुरू होगा बड़ा अभियान, वाराणसी से सीएम योगी करेंगे आगाज, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में कल से शुरू होगा बड़ा अभियान, वाराणसी से सीएम योगी करेंगे आगाज

उत्तर प्रदेश में शनिवार को बड़े अभियान की शुरुआत होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी से अभियान का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी स्कूलों में दिखाया जाएगा।

Fri, 3 April 2026 08:29 PMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी में कल से शुरू होगा बड़ा अभियान, वाराणसी से सीएम योगी करेंगे आगाज

UP News: उत्तर प्रदेश में परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट स्कूलों में छात्रों का नामांकन बढ़ाने के लिए शनिवार को स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ किया जाएगा। वाराणसी के कंपोजिट विद्यालय शिवपुर से इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण सभी स्कूलों में दिखाया जाएगा।

परिषदीय स्कूलों में 15 अप्रैल तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। स्कूल चलो अभियान के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के लिए प्रत्येक जिले को 5 लाख, प्रत्येक ब्लॉक को 10 हजार व प्रत्येक स्कूल को 2500 रुपये गी धनराशि दी गई है। शनिवार को वाराणसी में मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ सभी जिलों में भी स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी जिलों में होने वाले कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा।

दूसरे चरण में एक जुलाई से चलेगा अभियान

ब्लॉक संसाधन केंद्रों (बीआरसी) पर आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख व अन्य जनप्रतिनिधियों व ग्राम स्तर पर स्कूलों में ग्राम प्रधानों को आमंत्रित कर स्कूल चलो अभियान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण में एक जुलाई से 15 जुलाई तक स्कूल चलो अभियान चलाया जाएगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पहली अप्रैल से चलेगा बड़ा अभियान, यूपी मुख्य सचिव ने सभी DM को दिए ये निर्देश

स्कूली वाहनों का ब्योरा के लिए चल रहा है अभियान

वहीं यूपी में स्कूली वाहनों की फिटनेस की जांच के लिए पहली अप्रैल से अभियान शुरू हो गया। 15 अप्रैल तक यह विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। विद्यालयों को यूपी- इंटीग्रेटेड स्कूल व्हिकल मैनेजमेंट पोर्टल (यूपी-आईएसवीएमपी) पर अपने स्कूली वाहन का ब्योरा इस पर अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा। फिटनेस जांच पंजीकरण, परमिट, बीमा, पीयूसी व भौतिक स्थिति की जानकारी ली जाएगी। त्रुटिपूर्ण फिटनेस को तत्काल निरस्त करके संशोधित फिटनेस जारी किया जाएगा। बिना परमिट व परमिट शर्तों के विरुद्ध संचालित वाहनों पर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। दैनिक प्रगति पोर्टल क्यूआर कोड पोर्टल पर अपडेट की जाएगी। प्रदेश में पहली बार यूपी-आईएसवीएमपी बनाया गया है। यह विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा निगरानी एवं वैधानिक अनुपालन के लिए एक एकीकृत मंच बनाया गया है। जिस पर वाहनों का पंजीकरण, दस्तावेज की निगरानी, अनुपालन व ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP Weather: यूपी के 60 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, ओलावृष्टि के भी आसार

जिला एवं विद्यालय स्तरीय परिवहन यान सुरक्षा समितियों की मॉनीटरिंग एवं रिपोर्टिंग इस पोर्टल के माध्यम से होगी। विद्यालय प्रबंध समिति पोर्टल पर वाहन का विवरण भरेंगी, शपथ पत्र अपलोड करेगी और अनुपालन कराने के लिए सीधे जिम्मेदारी होगी। पोर्टल पर अभिभावकों के लिए भी सुविधा रहेगी। वह स्कूली बस के पंजीकरण, फिटनेस की स्थिति, पीयूसी, चालक का विवरण, परमिट एवं बीमा ऑनलाइन देख सकते हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अपनी प्रेमिका के साथ कार में था पति, पत्नी ने रंगेहाथ पकड़ा, फिर..
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।