गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर मेगा ब्लॉक से 69 ट्रेनें होंगी प्रभावित, 15 ट्रेनें रहेंगी कैंसिल
गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर मेगा ब्लॉक से 69 ट्रेनें प्रभावित होंगी। 15 ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। कई ट्रेनों के रूट भी बदले जाएंगे तो वहीं कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट भी होंगी।

गोंडा-बुढ़वल रेलखंड पर चल रहे तीसरी लाइन विस्तार कार्य को लेकर बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक घोषित किया है। 10 जुलाई को होने वाले संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) निरीक्षण की तैयारी के चलते रेलवे ने कई दिनों तक विशेष ब्लॉक लेने का निर्णय किया है। इसके कारण कुल 69 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। 15 ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। कई ट्रेनों के रूट भी बदले जाएंगे तो वहीं कई ट्रेनें शॉर्ट टर्मिनेट भी होंगी।
रेलवे के इस फैसले से बलरामपुर व पूर्वांचल और अवध क्षेत्र के हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कई ट्रेनों के मार्ग भी बदले गए हैं, कुछ ट्रेनों को निर्धारित स्टेशनों पर नहीं रोका जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त या प्रारंभ किया जाएगा। रेलवे प्रशासन की तरफ से जारी सूची के अनुसार 15081 गोरखपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस 6 से 10 जुलाई तक निरस्त रहेगी। 15082 गोमती नगर-गोरखपुर एक्सप्रेस 7 से 11 जुलाई तक निरस्त रहेगी। 15031/15032 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 8 और 9 जुलाई को निरस्त रहेगी। 15070 ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस 7 से 10 जुलाई तक निरस्त रहेगी।
ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय
15069 गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस 8 से 11 जुलाई तक निरस्त रहेगी। वहीं रेलवे ने कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है। इसमें 15707 कटिहार-अमृतसर एक्सप्रेस 4 से 9 जुलाई तक ऐशबाग, बादशाहनगर, उन्नाव व बाराबंकी स्टेशन नहीं जाएगी। 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल 6 से 10 जुलाई तक ऐशबाग स्टेशन नहीं पहुंचेगी। 15109 छपरा-मथुरा जंक्शन एक्सप्रेस 6, 8 और 10 जुलाई को ऐशबाग व बादशाहनगर स्टेशन नहीं जाएगी।
कुछ ट्रेनों शॉर्ट टर्मिनेट
02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल 6 से 10 जुलाई तक ऐशबाग स्टेशन पर नहीं रुकेगी। 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल 8 से 10 जुलाई तक ऐशबाग स्टेशन नहीं जाएगी। 15204 लखनऊ जंक्शन-बरौनी एक्सप्रेस 9 जुलाई को बुढ़वल, जरवल रोड और कर्नलगंज स्टेशन नहीं जाएगी। लखनऊ जंक्शन तक कई ट्रेनें सीमित रहेंगी। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट करने का भी निर्णय लिया है। इसमें 22199 ग्वालियर-बलरामपुर एक्सप्रेस एक जुलाई को बलरामपुर के बजाय लखनऊ जंक्शन पर ही समाप्त होगी। 22200 बलरामपुर-ग्वालियर एक्सप्रेस दो जुलाई को बलरामपुर के बजाय लखनऊ जंक्शन से चलाई जाएगी। 15009/15010 गोरखपुर-इज्जतनगर एक्सप्रेस 7 से 9 जुलाई तक लखनऊ जंक्शन से संचालित होगी। 12598 मुंबई-गोरखपुर एक्सप्रेस 8 जुलाई को गोरखपुर पहुंचने से पहले ही समाप्त कर दी जाएगी।




साइन इन