एलपीजी सिलेंडर की कमी से बढ़ी डिमांड, 20 दिन में बिक गए 60 हजार इंडक्शन और ओवन
एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण इंडक्शन चूल्हे और माइक्रोवेव ओवन की बंपर बिक्री हो रही है। लखनऊ में 20 दिनों के भीतर 45 हजार इंडक्शन और 15 हजार ओवन बिक गये। इसके अलावा एयर फ्रायर, इलेक्ट्रिक केतली, राइस कूकर की भी खूब बिक्री हो रही।

एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के कारण इंडक्शन चूल्हे और माइक्रोवेव ओवन की बंपर बिक्री हो रही है। लखनऊ में 20 दिनों के भीतर 45 हजार इंडक्शन और 15 हजार ओवन बिक गये। इसके अलावा एयर फ्रायर, इलेक्ट्रिक केतली, राइस कूकर सहित अन्य उपकरण भी खूब बिके हैं। राजधानी के नाका हिंडोला, गोमतीनगर, इंदिरानगर सहित अन्य प्रमुख बाजारों में गैस की किल्लत के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग में बेतहाशा वृद्धि हुई है।
लखनऊ इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन के सदस्य अनिरूद्ध निगम ने बताया कि आम तौर पर इन उपकरणों की मांग इतनी अधिक नहीं रहती, लेकिन सिलेंडर न मिलने के डर से ग्राहक तीन हफ्ते में तेजी से इंडक्शन की ओर शिफ्ट हुए हैं। नतीजतन 10 से 15 मार्च तक इंडक्शन का स्टॉक खत्म हो गया। हालांकि स्थितियां फिर से सामान्य हो रही हैं। कारोबारियों के मुताबिक 3 से 22 मार्च तक इंडक्शन और ओवन ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक केतली, एयर फ्रायर और इलेक्ट्रिक प्रेशर कुकर भी खूब बिके। नाका हिंडोला परिक्षेत्र व्यापार मंडल के अध्यक्ष पवन मनोचा ने बताया कि पहले पूरे महीने में करीब पांच हजार इंडक्शन और ओवन बिकते थे, लेकिन एलपीजी की अनिश्चितता ने इलेक्ट्रिक उपकरणों के उपयोग को बढ़ाया है। 45 हजार इंडक्शन और ओवन 20 दिन में बिक गए। आम दिनों के मुकाबले ब्रिकी में 12% का इजाफा हुआ है।
एयर फ्रायर और केतली की मांग भी तेजी से बढ़ी
इलेक्ट्रिक केतली और एयर फ्रायर जैसे उपकरणों की बिक्री बढ़ने का मुख्य कारण समय की बचत और गैस पर निर्भरता कम करना है। इनकी मांग भी तेजी से बढ़ी है। गौरतलब है कि शहर में करीब 1000 से अधिक छोटी-बड़ी दुकान व शोरूम हैं। उनमें से दो हजार से पांच हजार रुपये तक इंडक्शन चूल्हा बिक रहा है।
डिजल और इलेक्ट्रिक भट्ठियों की भी बढ़ी डिमांड
गैस सिलेंडरों की किल्लत ने होटल-रेस्टोरेंट और कैटरर्स की चिंता बढ़ा दी है। गैस एजेंसियों पर लंबी वेटिंग और सिलेंडरों की अनिश्चित आपूर्ति के कारण अब शादी-समारोहों की रसोई का स्वरूप बदल रहा है। कैटरर्स एलपीजी गैस के बजाय डीजल और इलेक्ट्रिक भट्ठियों की व्यवस्था कर रहे हैं।
होटल एवं टेंट संचालकों के बीच पिछले कुछ दिनों से डीजल और इलेक्ट्रिक भट्ठियों की जबरदस्त मांग है। वहीं किराये पर भी बुकिंग हो रही है। बागपत निवासी एक कैटरर्स कारोबारी ने बताया कि वर्तमान हालत को देखते हुए डीजल भट्ठियों की एडवांस बुकिंग कराई है। एक डीजल भट्ठी का प्रतिदिन का किराया 500 से 1000 रुपये के बीच है।




साइन इन