सोनौली सीमा से नेपाल के हवाले किए गए 453 नेपाली नागरिक, नेटवर्क ठगी कनेक्शन; जानें पूरा मामला
नेपाल दूतावास को शिकायत मिली थी कि कुशीनगर में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों को कथित चेन मार्केटिंग सिंडिकेट और ऑनलाइन ठगी से जुड़ी गतिविधियों में जबरन शामिल किया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया तथा उनके मानवाधिकारों का हनन हो रहा है।

UP News : नेपाल की युवक-युवतियों को नौकरी का प्रलोभन देकर नेटवर्क मार्केटिंग के माध्यम से कथित ठगी कराने और उसमें संलिप्त होने के आरोप में 453 नेपाली नागरिकों को कुशीनगर पुलिस ने नेपाल पुलिस के हवाले किया है। यह कार्रवाई नेपाल दूतावास नई दिल्ली द्वारा प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस ने की है। इसके तहत कुशीनगर जिले में रह रहे 453 नेपाली नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 11 वाहनों से शनिवार की दोपहर सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लाकर नेपाल पुलिस को सौंप दिया गया।
नेपाल दूतावास को शिकायत मिली थी कि कुशीनगर जनपद में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों को कथित चेन मार्केटिंग सिंडिकेट और ऑनलाइन ठगी से जुड़ी गतिविधियों में जबरन शामिल किया गया है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि कुछ लोगों को अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा गया तथा उनके मानवाधिकारों का हनन हो रहा है।
दूतावास ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय अधिकारियों से हस्तक्षेप कर संबंधित व्यक्तियों को मुक्त कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया था। कसया थाना क्षेत्र में संचालित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों को लेकर कई लोगों ने पुलिस से शिकायत की थी। आरोप था कि बेरोजगार युवाओं को नौकरी और अधिक आय का लालच देकर नेटवर्क से जोड़ा गया और उनसे धनराशि जमा कराई गई। बाद में निवेश की गई रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की।
मामले में बड़ी संख्या में नेपाली नागरिकों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आने पर पीड़ितों ने न्याय की मांग को लेकर दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास से संपर्क किया। दूतावास की पहल पर कुशीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 453 नेपाली नागरिकों को सोनौली सीमा तक पहुंचाया, जहां उन्हें नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। नेपाल पुलिस ने सभी लोगों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में सोनौली कोतवाल महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि सभी 453 नेपाली नागरिकों को नेपाल पुलिस सीमा से अपने साथ लेकर चली गयी है। एसपी रुपन्देही जनक बहादुर शाही ने बताया कि जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इनमें कौन लोग ठगी के शिकार हैं और कौन लोग कथित नेटवर्क मार्केटिंग गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे? जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन