शादी वाले घर में मातम! खौलते शीरे में गिरी 3 साल की मासूम, दर्दनाक मौत
गोरखपुर के बांसगांव में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब घर में मिठाई बनाने के लिए तैयार किए गए खौलते शीरे से भरे भगौने में गिरकर तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई और शादी वाले घर में मातम पसरा हुआ है।

UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। बांसगांव नगर पंचायत के वार्ड संख्या-4 (दोनखर) में शनिवार देर शाम खौलते चीनी के शीरे में गिरने से तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब घर में शादी समारोह की तैयारियों के बीच मिठाई बनाने के लिए बड़े भगौने में चाशनी तैयार की जा रही थी। इस घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या-4 (दोनखर) के रहने वाले सुरेश यादव के घर 12 मई को शादी समारोह होना है। शादी के लिए मिठाई और भोजन बनाने का ठेका राजेंद्र गुप्ता और उनकी हलवाई टीम को दिया गया था। शनिवार शाम घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मिठाई के लिए बड़े भगौने में चीनी का शीरा तैयार किया गया था।
इसी दौरान राजेंद्र गुप्ता के पुत्र अभिषेक की तीन साल की बेटी अदिति खेलते-खेलते अचानक खौलते शीरे से भरे भगौने में गिर गई। यह दृश्य देखते ही मौके पर मौजूद हलवाई और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हलवाई टीम के लोगों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला। इस दौरान कुछ लोगों के हाथ भी बुरी तरह झुलस गए।
गंभीर रूप से झुलसी बच्ची को परिजन तत्काल सीएचसी बांसगांव ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देख बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान अदिति ने दम तोड़ दिया। इस घटना से परिवार पर मानो पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां अंजली गुप्ता रोते-रोते के बेसुध हो गई है।
खौलते तेल से किशोर गंभीर रूप से झुलसा
उधर, देवरिया के उपनगर मझौलीराज के शंकर नगर वार्ड में 24 अप्रैल को एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से झुलस गया था। जानकारी के अनुसार, रविशंकर प्रसाद के 12 वर्षीय पुत्र अनिकेश कुमार के घर पर किसी मंदिर में चढ़ावे के लिए पूड़ी बनाई जा रही थी। इसी दौरान अचानक कढ़ाही में खौलता तेल उछलकर अनिकेश के चेहरे, गाल और दाहिने पैर पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।




साइन इन