fight broke out between youths over food falling on clothes in a wedding procession one stabbed to death बारात में बवाल! कपड़े पर खाना गिरने को लेकर भिड़े युवक, एक की चाकू मारकर हत्या, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बारात में बवाल! कपड़े पर खाना गिरने को लेकर भिड़े युवक, एक की चाकू मारकर हत्या

गोरखपुर के एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात बारात के दौरान मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खाने के दौरान कपड़े पर भोजन गिरने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Sat, 9 May 2026 02:02 PMPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान, गोरखपुर
share
बारात में बवाल! कपड़े पर खाना गिरने को लेकर भिड़े युवक, एक की चाकू मारकर हत्या

यूपी के गोरखपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया स्थित एक मैरिज लॉन में शुक्रवार रात बारात के दौरान मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। खाने के दौरान कपड़े पर भोजन गिरने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। गंभीर हालत में उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शाहपुर इलाके के आवास विकास कॉलोनी स्थित पानी टंकी के पास रहने वाले युवक की बारात बिछिया के ताड़ीखाना इलाके स्थित बघेल मैरिज लॉन में आई थी। रात में बाराती भोजन कर रहे थे। इसी दौरान कपड़े पर भोजन गिरने को लेकर कुछ युवकों के बीच विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कहासुनी कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। इसी दौरान मनबढ़ युवकों ने सुमित कुमार के पेट में चाकू घोंप दिया। वारदात के बाद मौके पर भगदड़ और मच गई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बारात लेकर मत आना, वर्ना...दुल्हन के सिरफिरे आशिक से डरा दूल्हा, शादी से इनकार

सूचना मिलने पर शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमित कुमार को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शादी समारोह का माहौल मातम में बदल गया। परिजन और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि सुमित कुमार की शादी तीन महीने पहले ही हुई थी। उसकी मां रेलवे में सफाईकर्मी हैं।

इस मामले में सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी में मनपसंद गाना न बजाने पर चल गई गोलियां, चपेट में आया दुल्हन का ममेरा भाई

मछली न मिलने पर भड़का दूल्हे का भाई

उधर, बस्ती में एक शादी समारोह में खाने में मछली नहीं मिलने पर दूल्हे का भाई भड़क गया। खाने में बदइंतेजामी का आरोप लगाते हुए दुल्हन के भाई से उलझ गया। विवाद इतना बढ़ा कि बारातियों में भगदड़ मच गई। किसी ने विवाद की सूचना डॉयल-112 पर दे दी। कार्यक्रम स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया, इसके बाद शादी की अन्य रस्म पूरी हुई।

एक गांव में गुरुवार शाम बारात आई हुई थी। बारातियों के लिए खाने में मछली बनवाई गई थी। बारात पहुंचने पर द्वार पूजा व जयमाल का कार्यक्रम खुशी के माहौल में हुआ। इसके बाद बाराती व घरवाले खाना खाने लगे। बारातियों के खाना खाने के बाद दूल्हा, दूल्हे का भाई व कुछ खास लोग खाने की मेज पर बैठे। तब तक मछली खत्म होने के कारण दूल्हे के टेबल पर नहीं परोसी गई। ये दे दूल्हे का भाई भड़क गया और वधू पक्ष से कारण पूछा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:शादी की रस्मों के बीच मिर्गी का दौरा पड़ते ही गिरा दूल्हा, बिन दुल्हन लौटी बारात

इस पर दुल्हन के भाई ने बताया कि मछली समाप्त हो गई, इतना सुनते ही दूल्हे का भाई भड़क गया और वह मछली परोसे जाने की बात पर अड़ गया। बात इतनी बढ़ गई कि दूल्हे का भाई व दुल्हन का भाई आपस में उलझ गए। विवाद बढ़ता देख बाराती व अन्य लोग वहां से भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस से मामले को शांत कराया, इसके बाद सात फेरे का कार्यक्रम कराकर विवाह की रस्म पूरी कराई गई।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।