गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने के लिए मार्केटिंग मैनेजर के घर पर लाखों की चोरी, पुलिस ने फेरा पानी, 4 गिरफ्तार
कानपुर में महंगे शौक और गर्लफ्रैंड को घुमाने के लिए युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। दरअसल पुलिस ने मार्केटिंग मैनेजर के बंद घर से 15 लाख का माल पार करने वाले चार आरोपियों को पतरसा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में बताया कि गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने के लिए उन्होंने चोरी की।

Kanpur News: यूपी के कानपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां महंगे शौक और गर्लफ्रैंड को घुमाने के लिए युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। दरअसल, गुजैनी पुलिस ने मार्केटिंग मैनेजर के बंद घर से 15 लाख का माल पार करने वाले चार आरोपियों को पतरसा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान बर्रा गांव के रहने वाले प्रकाश गौतम उर्फ पोली, ईशू गौतम उर्फ रोनी उर्फ आदर्श, रविदासपुरम निवासी सोनू उर्फ अभिषेक और गुजैनी आई ब्लॉक निवासी अजय राजपूत के रूप में हुई। आरोपित ईशू और प्रकाश गौतम ने बताया कि गर्लफ्रेंड को मनाली घुमाने का वादा किया, जिसे पूरे करने के लिए इस चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक ये लोग गर्लफ्रेंड को घुमाने और महंगे शौक पूरा करने के लिए चोरी करते थे। इनके पास से बाइक, चेन, अंगूठी, घड़ी, पायल, चांदी के सिक्के और 20 हजार की नकदी समेत 81 यूएस डालर व 15 यूएई दिरहम भी बरामद किए हैं। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बर्रा-आठ में मार्केटिंग मैनेजर सतीश पांडेय मां मीरा और पिता दिनेश पांडेय के साथ रहते हैं। 15 दिसंबर को लखनऊ में मां का स्पाइन का ऑपरेशन कराया था, जिसके बाद से उनके माता-पिता वहीं थे। सतीश काम के सिलसिले में घर में ताला लगाकर टूर पर चले गए। एक फरवरी को एकाएक सतीश ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे मोबाइल पर चेक किए तो शंका हुई। चार फरवरी की सुबह घर लौटे तो मेन गेट अंदर से बंद था।
किसी तरह अंदर पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे मिले और अलमारियों का सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर में रखे 5.25 लाख रुपये नकद समेत करीब 15 लाख का माल पार कर ले गए थे। ईशू ने एक लाख में पुरानी महंगी बाइक भी खरीदी थी, जिसके साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई है। प्रकाश पर बर्रा और गुजैनी में सात, ईशू पर गुजैनी व हनुमंत विहार, सोनू उर्फ अभिषेक पर गुजैनी में तीन और अजय पर एक मुकदमा दर्ज है। रॉबिन फरार है।




साइन इन