कुट्टू की पकौड़ी बनाने को लेकर दो बहनों में विवाद, छोटी ने सल्फास खाकर दे दी जान
मेरठ में कुट्टू की पकौड़ी बनाने को लेकर दो बहनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि छोटी बहन ने गुस्से में आकर घर में रखी सल्फाज की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

Meerut News: यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के एच्छीखुर्द गांव में कुट्टू की पकौड़ी बनाने को लेकर दो बहनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि छोटी बहन ने गुस्से में आकर घर में रखी सल्फाज की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान लक्ष्मी के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह घर में व्रत के चलते कुट्टू की पकौड़ी बनाने को लेकर लक्ष्मी और उसकी एक बहन के बीच विवाद हो गया था। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ी कि गुस्से में आकर लक्ष्मी ने घर में रखी सल्फास की गालियां खा ली। कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
मेडिकल में उपचार के दौरान लक्ष्मी ने दम तोड़ दिया। लक्ष्मी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। भाई-बहनों का रोक-रोकर बुरा हाल है। परिवार की स्थिति साधारण बताई जा रही है। मृतका के पिता सतीश का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि मां कविता मजदूरी करती है। परिवार में कुल सात बहनें और एक भाई है, जिनमें से चार बहनों की शादी हो चुकी है। भाई नोएडा की एक कंपनी में काम करता है।
बागपत में कुट्टू के आटे की पकौड़ी खाने से 10 से अधिक लोग बीमार
उधर, बागपत कोतवाली क्षेत्र के फैजपुर निनाना, बड़ौत और पुसार गांव में कुट्टू के आटे से बनी पकौड़ी और कचौरी खाने से 10 से अधिक लोग बीमार हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिलेभर में छापेमारी अभियान चलाया। गत दिवस भी कुट्टू के आटे से बनी खाद्य सामग्री खाने से एडीएम समेत 40 से अधिक लोग बीमार हो गए थे।




साइन इन