पेट में लग गई... रील बनवा रहे 12वीं के छात्र की गोली लगने से मौत, वीडियो आया सामने
लखीमपुर में तमंचा लेकर रील बनवा रहे 12वीं के छात्र से अचानक गोली चल गई। गोली छात्र के पेट में लगी। चिल्लाते हुए वो गिर गया। उसने दोनों हाथों से घाव को दबाकर खून रोकने की कोशिश की। हालत बिगड़ते देख साथियों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। लेकिन छात्र की मौत हो गई।

लखीमपुर खीरी में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक 12वीं के छात्र की जान पर भारी पड़ गया। तमंचे के साथ वीडियो बनाते समय अचानक चली गोली से छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना 30 मार्च की है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार को सामने आया है, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया।
जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के सुआगाड़ा गांव निवासी अनिल कुमार झा का 17 वर्षीय बेटा अंश कुमार झा 30 मार्च की शाम करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात उसने परिजनों को फोन कर बताया कि वह एक दोस्त की मां के इलाज के लिए लखनऊ गया है। अगले दिन उसने फिर कॉल कर कहा कि वह वापस लौट रहा है।
परिजनों का क्या है आरोप
इसी बीच दोपहर करीब ढाई बजे अंश ने फोन कर बताया कि उसकी तबीयत खराब है और उसे लखीमपुर के जनशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां अंश के दोस्त शुभम कुमार और नितिन सिंह उर्फ मिक्कू समेत अन्य लोग मौजूद थे। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई और कहा गया कि अंश पटाखे से जल गया है।
एक्स रे में पता लगा गोली लगने की बात
बाद में जब अंश की हालत बिगड़ने लगी तो डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक्स-रे जांच में पता चला कि उसके पेट में गोली लगी है। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और 2 अप्रैल की सुबह करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई।
तमंचे गोली लोड करते समय हो गया फायर
शुक्रवार को सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अंश तमंचे में गोली लोड कर रहा था, तभी अचानक फायर हो जाता है और वह दर्द से चिल्लाते हुए गिर पड़ता है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर शुभम कुमार और नितिन सिंह समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस
अंश कुमार झा के दादा देव लखन झा उत्तर प्रदेश पुलिस से रिटायर्ड हैं। अंश शहर के धर्मसभा इंटर कॉलेज का छात्र था। उसने कक्षा 11वीं पास करने के बाद इस साल 12वीं में एडमिशन लिया था। सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और हथियारों के साथ रील बनाने के बढ़ते चलन पर गंभीर सवाल उठाती है। थोड़ी सी लापरवाही ने एक परिवार से उनका बेटा छीन लिया।




साइन इन