रील बनाने को नदी किनारे स्टंट करने गए थे आठ दोस्त, राप्ती नदी में उतरे चार युवक डूबे
यूपी के गोरखपुर में मिर्जापुर पीपा पुल के पास बुधवार को राप्ती नदी में नहाने गए रानीडिहा के रहने वाले चार किशोर डूब गए। उनका एक दोस्त बच गया। एसडीआरएफ की मदद से नदी में उनकी तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका।

यूपी के गोरखपुर में मिर्जापुर पीपा पुल के पास बुधवार को राप्ती नदी में नहाने गए रानीडिहा के रहने वाले चार किशोर डूब गए। उनका एक दोस्त बच गया। एसडीआरएफ की मदद से नदी में उनकी तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक कुछ पता नहीं चल सका। घटना की सूचना पर डीएम दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंच गए। किशोरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैंट इलाके के रानीडिहा, शिव मंदिर टोला निवासी अमर उर्फ बीरू राजभर (15) पुत्र रामसमुझ, मालवीय नगर निवासी विवेक निषाद (15) पुत्र सतीश, जंगल सिकरी निवासी गगन पासवान (15) पुत्र संतदेव पासवान, रानीडीहा निवासी अनिकेत यादव पुत्र घनश्याम यादव (13) और राजकरन (14) पुत्र करन राजभर बुधवार को साइकिल से एक साथ घर से निकले थे। पांचों मिर्जापुर पीपा पुल के पास राप्ती नदी में नहाने पहुंचे। सभी गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। राजकरन किसी तरह से बच गया और दोस्तों को न देखकर डरवश मौके से भागकर घर चला आया।
अन्य किशोरों के घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश करने लगे। इस बीच किसी ने पुलिस को बच्चों के डूबने जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजन भी आ गए। नदी किनारे उनकी साइकिल, चप्पल, मोबाइल फोन व कपड़े पड़े थे। नदी में उनकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने राजकरन से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसके चार दोस्त नदी में डूब गए। डर के कारण वह घर भाग आया था।
नदी किनारे स्टंट करने आए थे आठ दोस्त
मिर्जापुर में राप्ती नदी के पीपा पुल के पास बुधवार को आठ दोस्त साइकिल लेकर स्टंट करने पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो साइकिल को कूदा-कूदाकर स्टंट करने के बाद किशोर कपड़े उतारकर नदी में नहाने के लिए चले गए और इसी दौरान चार दोस्त नदी में लापता हो गए। चार किशोरों के डूबने पर बाकी के दोस्त मौके से फरार हो गए। तलाश के दौरान जब पुलिस को जानकारी मिली तो सभी से संपर्क किया और चारों के नदी में डूबने की पुष्टि हुई। देर रात तक सभी की तलाश जारी रही, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।
रोजाना ही आठ दोस्त पीपा के पुल के पास जाकर रील्स आदि बनाते थे। यहां पर स्टंट भी किया करते थे। पास में रहने वाले एक युवक ने देखकर मना भी किया था। लेकिन, किसी ने बात नहीं मानी। बुधवार की दोपहर तीन बजे के करीब ही आठ दोस्त फिर साइकिल लेकर पहुंचे थे। स्टंट के दौरान ही पांच लोग नदी में नहाने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि बीच में एक टापू की तरह ऊंजा स्थान है, वहीं, पर जाने के चक्कर में चार दोस्त डूब गए। नदी में उतरा एक दोस्त बच गया और सभी डर के मौके से फरार हो गए।
प्राइवेट काम करते हैं गगन के पिता
गगन पासवान के पिता प्राइवेट काम करते है। वह किराये के मकान में रहता है। गगन भी पढ़ाई कर रहा था।
भाइयों में छोटा था बीरू
अमर उर्फ बीरू दो भाइयों में छोटा था। बड़ा भाई विनय और पिता पेंट पालिश करके परिवार की जीविका चलाते हैं। बीरू अभी पढ़ाई कर रहा था।
सातवीं का छात्र था अनिकेत
दो भाइयों में बड़ा अनिकेत सातवीं का छात्र था। छोटा भाई ऋषभ भी पढ़ाई करता है। पिता घनश्याम मजदूरी करते जीवन यापन करते है।
छठी का छात्र था विवेक
विवेक निषाद तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दो भाई सुंदर, समीर पढ़ाई करते है। वह छठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा था। पिता ऑटो चालक हैं।




साइन इन