jaipur-namaz-ke-dauran-deewar-giri-10-log-dabe-2-ki-halat-gambhir जयपुर में नमाज के दौरान मस्जिद की दीवार गिरी, 19 लोग घायल: 3 ICU में भर्ती, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

जयपुर में नमाज के दौरान मस्जिद की दीवार गिरी, 19 लोग घायल: 3 ICU में भर्ती

जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर नमाज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मस्जिद की बालकनी की दीवार अचानक गिरने से 19 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। 

Fri, 6 March 2026 07:12 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
जयपुर में नमाज के दौरान मस्जिद की दीवार गिरी, 19 लोग घायल: 3 ICU में भर्ती

जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र स्थित फिरदौस मस्जिद में शुक्रवार दोपहर नमाज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मस्जिद की बालकनी की दीवार अचानक गिरने से 19 लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। घटना के बाद मस्जिद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया।

घायलों को सबसे पहले कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 11 लोगों को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। इनमें से तीन लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ICU में भर्ती किया गया है। हादसे के समय मस्जिद में करीब 1000 लोग नमाज अदा कर रहे थे।

बालकनी की दीवार गिरने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ। नमाज खत्म होने के बाद जब लोग मस्जिद से बाहर निकल रहे थे, उसी दौरान बालकनी की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में कई लोग दब गए और कई अन्य घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू कर दिया। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:राजस्थान से कौन जाएगा राज्यसभा? रणनीति बनाने में जुटी BJP-कांग्रेस
ये भी पढ़ें:बीकानेर: मैं मरने जा रही हूं, लिखकर दो बेटियों संग गायब महिला
ये भी पढ़ें:रिवॉल्वर अनलोड करते वक्त हादसा,भीलवाड़ा में ASI के सिर में लगी गोली; मौके पर मौत

3 साल के बच्चे समेत कई लोग घायल

हादसे में तीन साल के मासूम ईशान समेत कुल 19 लोग घायल हुए हैं। ईशान की मां ने बताया कि वह अपने बच्चों के साथ मस्जिद में भीख मांगने आई थीं। उनका बेटा अपनी बहन के साथ वहीं खेल रहा था, तभी अचानक दीवार गिर गई और उसके सिर में चोट लग गई।

घायल मोहम्मद इकबाल ने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं और नमाज पढ़ने के लिए फिरदौस मस्जिद आए थे। उन्होंने कहा कि नमाज के बाद जब वह बाहर निकलकर चप्पल पहन रहे थे, तभी अचानक ऊपर से दीवार गिर गई। हादसे में उनकी जांघ के पास फ्रैक्चर हो गया। पहले उन्हें कांवटिया अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में एसएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया।

इसी तरह पानीपेंच निवासी 18 वर्षीय कन्या ने बताया कि वह मस्जिद के बाहर बैठी हुई थी। अंदर बड़ी संख्या में लोग नमाज पढ़ रहे थे, तभी अचानक ऊपर से दीवार गिर गई। हादसे में उसकी पीठ और कमर में चोट आई है।

परिवारों में मचा कोहराम

घायल अब्दुल समद की पत्नी जुबैदा ने बताया कि उनके पति की कमर में फ्रैक्चर हो गया है। वह सिलाई का काम करते हैं और परिवार में अकेले कमाने वाले हैं। परिवार में एक छोटी बच्ची भी है। हादसे के बाद परिवार बेहद चिंतित है।

वहीं 15 वर्षीय सोहेल की मां तमन्ना खातून ने बताया कि उनका बेटा नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गया था। अचानक दीवार गिरने से उसके सिर में चोट लग गई। उन्होंने कहा कि पूरा परिवार नमाज पढ़ने गया था और अचानक हुए इस हादसे से सभी लोग घबरा गए।

घायल मोहम्मद शमशेर ने बताया कि जब दीवार गिरी तो उन्हें लगा जैसे कयामत आ गई हो। उन्होंने कहा कि नमाज के बाद दुआ मांगकर जब लोग मस्जिद से बाहर निकल रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में उनका पैर टूट गया।

11 लोग एसएमएस अस्पताल में भर्ती

एसएमएस अस्पताल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डॉ. जगदीश मोदी ने बताया कि मस्जिद हादसे में घायल 11 लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। इनमें से तीन मरीजों को गंभीर हालत के कारण ICU में रखा गया है, जबकि आठ घायलों का इलाज मास कैजुअल्टी वार्ड में चल रहा है। अस्पताल में घायलों के परिजनों की भीड़ लगी हुई है।

विधायक भी पहुंचे अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अमीन कागजी, विधायक हाकम अली और असरार कुरैशी विधानसभा से सीधे एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

हादसे के बाद इलाके में दहशत

भट्टा बस्ती स्थित फिरदौस मस्जिद में हुए इस हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मस्जिद की दीवार आखिर किस वजह से गिरी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।