रिवॉल्वर अनलोड करते वक्त हादसा,भीलवाड़ा में ASI के सिर में लगी गोली; मौके पर मौत
राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से एक एएसआई की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एएसआई घर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड कर रहे थे।

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से एक एएसआई की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एएसआई घर पर अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फायर हो गया और गोली उनके सिर में जा लगी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामला भीलवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाई तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
मृतक एएसआई की पहचान महावीर सिंह के रूप में हुई है, जो भीलवाड़ा कोतवाली थाने में तैनात थे। बताया जा रहा है कि उनका हाल ही में हेड कॉन्स्टेबल से एएसआई पद पर प्रमोशन हुआ था। अचानक हुए इस हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना की पूरी सच्चाई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
घर पर रिवॉल्वर से बुलेट निकालते समय हुआ हादसा
मृतक के चचेरे भाई तेजप्रताप सिंह ने बताया कि महावीर सिंह गुरुवार रात को ड्यूटी पर थे और शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उन्होंने अपने ग्रुप में मैसेज भी डाला था। इसके बाद वे ड्यूटी से घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बुलेट निकाल रहे थे।
परिवार के अनुसार, महावीर सिंह ने रिवॉल्वर से तीन बुलेट निकाल ली थीं। जब वे चौथी बुलेट निकाल रहे थे, तभी अचानक फायर हो गया। गोली सीधे उनके सिर में जा लगी। गोली लगते ही वे वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
तेजप्रताप सिंह ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले महावीर सिंह ने घर में चाय बनाने के लिए कहा था। उसी दौरान वे अपनी सर्विस रिवॉल्वर अनलोड कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि घर में लोडेड रिवॉल्वर रखना सही नहीं होता, इसलिए वे उससे बुलेट निकाल रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
फायरिंग की आवाज से जुटे लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के समय घर के आसपास मौजूद लोगों ने जैसे ही गोली चलने की आवाज सुनी, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल को सुरक्षित किया।
पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही पूरे घटनाक्रम को समझने के लिए परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
मामले को लेकर डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हादसा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का सही तरीके से पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस इसे दुर्घटनावश हुई फायरिंग मानकर जांच कर रही है।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग और मृतक के परिजनों में गहरा शोक है। हाल ही में प्रमोशन मिलने के बाद महावीर सिंह अपने नए पद पर सेवा दे रहे थे, लेकिन अचानक हुए इस हादसे ने परिवार और पुलिस महकमे को गहरे सदमे में डाल दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन