bikaner-woman-missing-with-two-daughters-suicide-note-found-indira-gandhi-canal मैं परेशान हूं, मरने जा रही हूं… बीकानेर में सुसाइड नोट छोड़ दो बेटियों संग गायब हुई महिला, Jaipur Hindi News - Hindustan
More

मैं परेशान हूं, मरने जा रही हूं… बीकानेर में सुसाइड नोट छोड़ दो बेटियों संग गायब हुई महिला

राजस्थान के बीकानेर जिले में एक महिला के सुसाइड नोट छोड़कर अपनी दो बेटियों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। नहर किनारे महिला की चप्पल और दुपट्टा मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। 

Fri, 6 March 2026 03:17 PMSachin Sharma लाइव हिन्दुस्तान
share
मैं परेशान हूं, मरने जा रही हूं… बीकानेर में सुसाइड नोट छोड़ दो बेटियों संग गायब हुई महिला

राजस्थान के बीकानेर जिले में एक महिला के सुसाइड नोट छोड़कर अपनी दो बेटियों के साथ लापता होने का मामला सामने आया है। नहर किनारे महिला की चप्पल और दुपट्टा मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बच्चियों के साथ इंदिरा गांधी नहर में छलांग लगा दी होगी। फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक महिला और दोनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

घटना बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में सतासर के पास आरडी 605 की बताई जा रही है। शुक्रवार को नहर किनारे कुछ ग्रामीणों को महिला की चप्पल, दुपट्टा और एक कागज मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कागज की जांच की गई। प्रारंभिक तौर पर इसे सुसाइड नोट माना जा रहा है, जिसमें महिला ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

खाजूवाला डीएसपी अमरजीत चावला के अनुसार, सूचना मिलते ही छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। नहर में महिला के डूबने की आशंका को देखते हुए एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला ने चप्पल-दुपट्टा छोड़कर कहीं और जाने की कोशिश तो नहीं की।

सुसाइड नोट में महिला ने खुद का नाम गेना बताया है और लिखा है कि उसका गांव नाल बड़ी है। उसने अपने पति हीरालाल और सास भंवरी देवी पर पिछले एक साल से लगातार मारपीट और प्रताड़ना करने का आरोप लगाया है। महिला ने लिखा कि उसका पति रोजाना उसके साथ गाली-गलौच करता था और सास भी मारपीट में उसका साथ देती थी। सुसाइड नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि रात के समय उसे घंटों तक पीटा जाता था, जिससे कई बार वह बेहोश तक हो जाती थी।

महिला ने नोट में लिखा कि एक बार इतनी पिटाई की गई कि करीब आधे घंटे बाद उसे होश आया। उसने यह भी बताया कि जब उसने पुलिस थाने जाने की कोशिश की तो सास ने उसे पकड़ लिया और पति को बुलाकर घर में बंद कर दिया। इसके बाद फिर से उसके साथ मारपीट की गई। महिला ने लिखा कि वह इस तरह की जिंदगी से बेहद परेशान हो चुकी थी और उसे अपनी जान का खतरा महसूस होने लगा था।

सुसाइड नोट में महिला ने अपने परिवार की स्थिति का भी जिक्र किया है। उसने लिखा कि उसके माता-पिता का पहले ही तलाक हो चुका है और वह अपने मायके भी सुरक्षित महसूस नहीं करती थी। नोट के मुताबिक, एक बार उसके पिता और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर भी उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह दो घंटे तक बेहोश रही। इस घटना के बाद उसे दूसरे स्थान पर भेज दिया गया।

महिला ने अपनी दो बेटियों को लेकर भी चिंता जताई है। नोट में उसने लिखा कि उसकी सास शराब की आदी है और अगर वह मर गई तो उसकी बेटियों का ख्याल रखने वाला कोई नहीं होगा। इसी वजह से वह अपनी बच्चियों को भी अपने साथ ले जा रही है। उसने पुलिस से अपील की है कि उसकी मौत के लिए सिर्फ उसके पति हीरालाल और सास भंवरी देवी को ही जिम्मेदार ठहराया जाए और किसी अन्य व्यक्ति को झूठा दोषी न बनाया जाए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण नहर किनारे पहुंच गए। ग्रामीण भी अपने स्तर पर महिला और बच्चियों की तलाश में पुलिस की मदद कर रहे हैं। इलाके में पूरे मामले को लेकर तनाव और चिंता का माहौल है।

पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है। साथ ही महिला के परिजनों और ससुराल पक्ष से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला और बच्चियों का पता लगने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल नहर में सर्च ऑपरेशन जारी है और प्रशासन हर संभावित पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।