अजमेर में थाने के सामने पलटी स्लीपर बस, ड्राइवर की मौत, 20 से ज्यादा बाराती घायल
राजस्थान के अजमेर शहर में शुक्रवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने हाईवे पर तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई।

राजस्थान के अजमेर शहर में शुक्रवार अल सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में थाने के ठीक सामने हाईवे पर तेज रफ्तार स्लीपर बस अचानक डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 20 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। सभी यात्री अहमदाबाद से सीकर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
हादसा इतना भयावह था कि बस पलटते ही अंदर सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग सीटों के बीच फंस गए और कुछ यात्री खिड़कियों से बाहर जा गिरे। आसपास के लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया।
अल सुबह 3:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे हुई। स्लीपर बस अहमदाबाद से सीकर जा रही थी और उसमें दुल्हन के रिश्तेदार सवार थे। बस जैसे ही अजमेर के आदर्श नगर थाने के सामने हाईवे से गुजर रही थी, अचानक ड्राइवर का नियंत्रण बस पर से हट गया और बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आदर्श नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सीओ मनीष बड़गुजर भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से जेएलएन अस्पताल भेजा।
अस्पताल में मचा हड़कंप
घायलों को तुरंत अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एक साथ इतने घायलों के पहुंचने से अस्पताल में भी कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर जेएलएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अनिल सामरिया और अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद खरे भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने डॉक्टरों की टीम को तुरंत घायलों का इलाज शुरू करने और गंभीर मरीजों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। डॉक्टरों के अनुसार अधिकांश यात्रियों को चोटें आई हैं, लेकिन कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शादी में जा रहे थे रिश्तेदार
हादसे में घायल महिला किरण अग्रवाल ने बताया कि बस में सवार सभी लोग अहमदाबाद से सीकर जा रहे थे। 7 मार्च को उनकी बहन की बेटी की शादी सीकर में होनी है। दुल्हन पहले ही परिवार के साथ सीकर पहुंच चुकी थी, जबकि बाकी रिश्तेदार बस से जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय बस में सवार ज्यादातर लोग सो रहे थे। अचानक तेज झटका लगा और बस पलट गई। जब आंख खुली तो चारों तरफ अफरा-तफरी और चीख-पुकार मची हुई थी। कई लोग सीटों के नीचे दबे हुए थे।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
सीओ मनीष बड़गुजर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने या अचानक अटैक आने की वजह से बस का संतुलन बिगड़ गया होगा। इसी कारण बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
पुलिस के अनुसार हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
ये यात्री हुए घायल
हादसे में अभिषेक अग्रवाल (33), केशवी (2), रेणु (45), बृजमोहन अग्रवाल (56), सुमित अग्रवाल (45), दिनेश प्रसाद (50), किरण (52), बृजमोहन पटेल (20), जीतू महाराज (50), मयूर चौहान (20), दिनेश अग्रवाल (54), आशा मोयल (60), जतिन (25), पायल (30), वंदना (65), खेमचंद अग्रवाल (50), इरल अग्रवाल (20), दिनेश (62), सुनीता (50), हरीश अग्रवाल (60), अंजलि (50), विपिन (50) और उत्सव (20) घायल हुए हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस के तकनीकी पहलुओं सहित ड्राइवर की स्थिति को भी खंगाला जा रहा है। वहीं शादी में शामिल होने जा रहे परिवार के लिए यह हादसा गहरे सदमे में बदल गया है। खुशी के मौके पर हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार के लिए एक बड़ी त्रासदी बन गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन