अलवर में बकरीद की खरीददारी के दौरान जमकर चले लाठी-डंडे और घूसे; पुलिस तैनात
अलवर में ईद की खरीददारी के दौरान बड़ा बवाल हो गया। दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे और जमकर घूसें चले। मारपीट के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

राजस्थान के अलवर जिले के गोविंदगढ़ कस्बे में बकरीद की खरीददारी के दौरान कथित छेड़छाड़ को लेकर बड़ा बवाल हो गया। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और बाजार में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। कहासुनी ने कुछ ही देर में इतना हिंसक रूप ले लिया कि बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना के दौरान बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। कई दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनाव बना रहा।
दो लोग गंभीर घायल
गोविंदगढ़ थाना अधिकारी धर्मसिंह ने बताया कि कस्बे में ईद की खरीददारी कर रही एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ की बात सामने आई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
मारपीट में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अलवर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सद्दाम खान और युवती का भाई शामिल बताए जा रहे हैं। दोनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि सिपाही सद्दाम खान युवती के पक्ष से जुड़े हुए हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मारपीट का वीडियो
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बाजार के बीच लोगों के बीच धक्का-मुक्की, मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के बाद गोविंदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस तैनात
घटना के बाद कुछ समय तक इलाके में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते स्थिति सामान्य हो गई। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
रिपोर्ट- हंसराज




साइन इन