आम आदमी पार्टी के राजस्थान अध्यक्ष नवीन पालीवाल अरेस्ट, क्या है मामला?
कोटा में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। ट्रैफिक पुलिस कार एक्सेसरी की दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों का चालान काटने पहुंची थी। पालीवाल ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया था।

कोटा में आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नवीन पालीवाल को पुलिस ने शांतिभंग और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रैफिक पुलिस कार एक्सेसरी की दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों का चालान काटने पहुंची थी जिनसे यातायात बाधित हो रहा था। नवीन पालीवाल खुद एक दुकान के मालिक हैं। उन्होंने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और अधिकारियों से उलझ गए। शुरुआत में स्थानीय व्यापारियों ने दुकानें बंद कर विरोध जताया लेकिन पुलिस की ओर से स्थिति स्पष्ट करने करने के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध वापस ले लिया।
चालान काटने पहुंची थी पुलिस
गुमानपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि शहर के शॉपिंग सेंटर के पास न्यू कॉलोनी जाने वाले रास्ते पर कार एक्सेसरी की कई दुकानें हैं। इन दुकानों पर गाड़ियों में अतिरिक्त उपकरण लगाने का काम किया जाता है। दुकानों के बाहर गाड़ियां खड़ी होने से यातायात की व्यवस्था खराब हो जाती है। इस संबंध में स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस दुकानदारों को समझाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान काटने के लिए वहां पहुंची थी।
चालान काटने से रोका
इस दौरान आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को चालान काटने से रोका। इसके चलते काफी देर तक मौके पर हंगामा होता रहा और नवीन पालीवाल का पुलिसकर्मियों से तीखा विवाद हो गया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें शांति भंग करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने समझाया नहीं माने, फिर गिरफ्तार
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें काफी समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। पुलिस का आरोप है कि वह सरकारी काम में लगातार बाधा डालते रहे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर नाराजगी जताई लेकिन पुलिस के समझाने के बाद स्थिति शांत हो गई और दुकानदार शांत हो गए। थानाधिकारी ने दावा किया कि जांच में नवीन पालीवाल का दोष साफ होने के बाद व्यापारियों ने उनका साथ देने से इनकार कर दिया।




साइन इन