दिल्ली-NCR में इस हफ्ते दिखेगी बादलों की आवाजाही, कल कोहरे का येलो अलर्ट
Delhi Weather: दिल्ली में मौसम बदल रहा है। शुक्रवार को एनसीआर के कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने 22 जनवरी तक बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना जताई है। अगले छह दिन कैसा रहेगा मौसम? इस रिपोर्ट में जानें…

दिल्ली में मौसम के रुख में बदलाव नजर आ रहा है। दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में शुक्रवार को छिटपुट हल्के बादल नजर आए। इससे धूप की तीव्रता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने 22 जनवरी तक बादलों की आवाजाही बनी रहने के संकेत दिए हैं। इस पूरे हफ्ते हवा की स्पीड धीमी रहेगी। इससे पलूशन की समस्या भी बढ़ने की आशंका है। मौसम विभाग ने शनिवार को मध्यम से घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।
कल कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने शुक्रवार रात को दिल्ली में हल्की धुंध की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से 17 जनवरी को सुबह के वक्त दिल्ली के साथ ही एनसीआर के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। आसमान में हल्के बादल नजर आ सकते हैं। दिल्ली में दोपहर के वक्त हवा की स्पीड भी पांच किलोमीटर प्रति घंटा तक देखी जा सकती है।
जारी रहेगी बादलों की आवाजाही, बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में 17 से लेकर 21 जनवरी तक आंशिक रूप से बादलों की आवाजाही का अनुमान जताया है। साथ ही दिल्ली में सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 17 जनवरी से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। दिल्ली में 17 जनवरी को न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।
तीन दिन बढ़ेगा तापमान
दिल्ली में 18 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिल्ली में 19 और 20 जनवरी को न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है। इन दोनों ही दिन दिल्ली में दोपहर के वक्त हवा की स्पीड 5 किलोमीटर प्रति घंटा देखी जा सकती है। मौसम विभाग ने 21 और 22 जनवरी को दिल्ली में हवा की स्पीड 6 से 8 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान जताया है।

19 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ
मौसम विभाग की मानें तो इसी हफ्ते 19 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देगा। इसके प्रभाव से दिल्ली एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। मौसम विभाग ने दिल्ली में 22 जनवरी को बादल छाने का अनुमान जताया है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखा जा सकता है। मौसम विभाग की मानें तो एनसीआर में भी मौसम कमोबेश दिल्ली के जैसा ही रहने का अनुमान है।




साइन इन