यमुना एक्सप्रेसवे पर बनेंगे 2 नए रैंप; फिल्म सिटी के लिए भाईपुर के पास कनेक्टिविटी, टोल प्लाजा पर फंसा पेच
यमुना प्राधिकरण (यीडा) ने जेवर एयरपोर्ट के पास सेक्टर-21 में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी को यमुना एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने के लिए रैंप निर्माण की बाधाएं दूर कर ली हैं। किसानों के साथ चल रहा भूमि विवाद सुलझने के बाद मई महीने से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।

यमुना एक्सप्रेसवे से जेवर एयरपोर्ट के पास बन रही फिल्म सिटी जाने के लिए दोनों तरफ रैंप बनेंगे। इनका काम मई से शुरू होने की उम्मीद है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने भूमि से जुड़े विवाद को किसानों से वार्ता कर सुलझा लिया है। उन्हें भूमि का मुआवजा देना भी शुरू कर दिया गया है।
यमुना प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि सेक्टर-21 में करीब एक हजार एकड़ में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी बनाना प्रस्तावित है। इसका पहला चरण 230 एकड़ में विकसित होगा, जिसके शिलान्यास की तैयारी की जा रही है। यमुना एक्सप्रेसवे से फिल्म सिटी को सीधे जोड़ने के लिए कोई रैंप नहीं है। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से 21 किलोमीटर पर दोनों तरफ रैंप बनाने का निर्णय लिया गया था। ये रैंप करीब 480 मीटर लंबे और 11 मीटर चौड़े होंगे।
भाईपुर के पास इंटरचेंज बनने से आवागमन आसान होगा
यीडा ने फरवरी 2025 में रैंप निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन किसानों से भूमि विवाद के चलते यह कार्य अटक गया। प्राधिकरण का दावा है कि अब भूमि से जुड़े विवाद को खत्म कर दिया गया है। जल्द ही रैंप के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। दोनों रैंप भाईपुर गांव में बनेंगे। यहां पहले से अंडरपास बना हुआ है। ऐसे में वाहनों को उतरने के साथ ही एक्सप्रेसवे पर चढ़ने में भी कोई दिक्कत नहीं आएगी। दोनों तरफ रैंप तीन-तीन लेन के होंगे।
टोल प्लाजा बनने से मुश्किलें बढ़ेंगी
यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट से 39 किलोमीटर पर बने जेवर टोल प्लाजा से पहले पांच रैंप बने हैं। ये रैंप 11, 12, 15, 16, 26 और 36 किलोमीटर पर हैं। यमुना एक्सप्रेसवे प्रबंधन ने सभी पर टोल प्लाजा बनाया हुआ है। सेक्टर-28 के टोल प्लाजा को हटाने के लिए उद्यमी लगातार शिकायत कर रहे हैं। वहीं, फिल्म सिटी के लिए बनने वाले इन रैंप पर भी प्रबंधन ने टोल प्लाजा बनाने के लिए कंसेशन एग्रीमेंट का हवाला दिया है। इससे यहां आने वाले लोगों को मुसीबत होगी। टोल प्लाजा बनने से भविष्य में जाम की समस्या से भी जूझना पड़ सकता है। फिलहाल यमुना सिटी में आवागमन के लिए एक्सप्रेसवे के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
राजेंद्र भाटी, महाप्रबंधक परियोजना, यीडा, ''फिल्म सिटी के पास रैंप का कार्य भूमि विवाद के चलते रुक गया था। अब किसानों को मुआवजा वितरण शुरू हो चुका है। ऐसे में जल्द ही रैंप बनाने का काम शुरू हो जाएगा। टोल न लगाने के लिए प्रबंधन से बातचीत जारी है।''




साइन इन