नोएडा में 11 KM लंबे यमुना पुस्ता रोड की संवरेगी सूरत, कई सेक्टरों से गांवों तक होगा फायदा
नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक फैले 11.20 किलोमीटर लंबे यमुना पुस्ता मार्ग के कायाकल्प की तैयारी पूरी कर ली है। प्राधिकरण ने इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को ₹34.18 करोड़ का बजट जारी कर दिया है।

नोएडा के सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक यमुना पुस्ता मार्ग को दुरुस्त किया जाएगा। यहां 11 किलोमीटर से अधिक लंबी दोनों तरफ की सड़क की मरम्मत होगी। नोएडा प्राधिकरण ने इसके लिए उत्तर प्रदेश सिचाई विभाग को बजट जारी कर दिया है।
नोएडा प्राधिकरण की ओर से दी गई वित्तीय सहायता से वर्ष 2014 में इस सड़क का निर्माण उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग ने कराया था। यमुना पुस्ता की सड़क ग्राम असगरपुर, रायपुर, नगला नगली, नगला बाजिदपुर समेत कई गांवों को जोड़ती है। यमुना में बाढ़ आने की स्थिति में सुरक्षा तटबंध का भी काम करती है। बाढ़ के दौरान इसी सड़क पर अस्थायी कैंप भी लगाए जाते हैं। इस सड़क पर गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी। इसके कारण इसकी मरम्मत कराने का फैसला लिया गया था। प्राधिकरण ने यह काम कराने की स्वीकृति दे दी है।
सड़क की मरम्मत पर 34.18 करोड़ रुपये खर्च होंगे
11.20 किलोमीटर लंबी इस रोड की मरम्मत पर करीब 34.18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मरम्मत का काम मई महीने में शुरू हो जाएगा। करीब तीन महीने में इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्य को सिंचाई विभाग द्वारा एमओयू के माध्यम से कराया जाना है।
सड़क धंसने जैसी स्थिति बन गई
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जबकि सिटी साइड लेन में गेबियन बॉक्स से पानी रिसाव और ड्रेनेज पाइप जाम होने के कारण सड़क धंसने जैसी स्थिति बन गई है। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इसके चलते मरम्मत करने का निर्णय लिया गया है।
नोएडा एयरपोर्ट तक नई कनेक्टिविटी देने का काम शुरू
नोएडा एयरपोर्ट का औपचारिक उद्घाटन हो चुका है। जल्द यहां से उड़ानें शुरू करने की तैयारी है। ऐसे में नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर अतिरिक्त वाहनों का दबाव बढ़ेगा। इस दबाव को कम करने के लिए और एयरपोर्ट तक नई कनेक्टिविटी देने की दिशा पर काम शुरू हो गया है।
ये काम भी होंगे
स्वीकृत परियोजना के तहत सड़क पर क्रैश बैरियर, आरसीसी ड्रेन शूट, गेबियन ग्राउटिंग, जल निकासी व्यवस्था, जीएसबी, डीबीएम, बिटुमिनस कंक्रीट (बीसी) और रोड पेंटिंग जैसे कार्य शामिल हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि कार्य पूरा होने के बाद बांध से जुड़े गांवों और सेक्टरों के लोगों को आवागम के लिए बेहतर वैकल्पिक मिलेगा।
पीएम ने 28 मार्च को किया था जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 28 मार्च को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन किया था। यह एयरपोर्ट आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ, गाजियाबाद और बुलंदशहर समेत पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए विकास का नया द्वार खोलेगा। प्रधानमंत्री ने बताया था कि जेवर एयरपोर्ट मल्टी मोडल कनेक्टिविटी का उत्कृष्ट उदाहरण होगा, जहां सड़क, रेल और हवाई परिवहन का निर्बाध समन्वय सुनिश्चित किया गया है।




साइन इन