फरीदाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की अड़चन दूर, सोतई गांव की जमीन का विवाद सुलझा
फरीदाबाद को जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के निर्माण में आ रही एक बड़ी बाधा दूर हो गई है। सोतई गांव में जमीन के मुआवजे को लेकर चल रहे विवाद के बीच जिला प्रशासन ने 300 मीटर जगह NHAI को सौंप दी है।

फरीदाबाद से जेवर के नोएडा हवाई अड्डे जाने के लिए बनाए जा रहे ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए सोतई गांव में जमीन मिलने में आ रही एक अड़चन दूर हो गई है। प्रशासन की ओर से नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) प्रबंधन को 300 मीटर जगह उपलब्ध करवा दी गई है। अभी 700 मीटर जमीन मिलने का और इंतजार है। जमीन न मिलने की वजह से एनएचएआई प्रबंधन द्वारा इस मामले को पीएमओ के ‘प्रगति’ पोर्टल पर डाल दिया है। अब विवाद के जल्द सुलझने की उम्मीद है।
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे सेक्टर-65 के सामने डीएनडी एक्सप्रेसवे से शुरू होता है। आगरा नहर को पार कर अगला गांव सोतई आता है। यहां पर जमीन के मुआवजे को लेकर सोतई गांव निवासी कुछ लोगों और नगर निगम प्रशासन के बीच विवाद चल रहा है। मौजूदा समय में यह विवाद अदालत में विचाराधीन है। इस वजह से एनएचएआई प्रबंधन इस विवादित जगह पर एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य शुरू नहीं कर पा रहा है।
अगले वर्ष अप्रैल तक काम पूरा करने का लक्ष्य
एनएचएआई प्रबंधन ने 27 सितंबर सन 2022 को एपको कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के साथ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को बनाने के लिए समझौता किया था। समझौते वाले दिन से इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य 730वें दिन पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। वर्ष 2023 से वर्ष 2024 के बीच मोहना गांव में कट बनवाने की मांग को लेकर किसानों के धरने की वजह से इस परियोजना के काम में देरी हुई थी। इस परियोजना के काम को पूरा करने का लक्ष्य अप्रैल 2027 रखा गया है। इस परियोजना का काम करीब 70 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
धीरज सिंह, परियोजना निदेशक, ''ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर सोतई गांव में 300 मीटर जगह मिल गई है। 700 मीटर जगह मिलना बाकी है। इस परियोजना को पीएमओ के ‘प्रगति’ पोर्टल से परसूचीबद्ध कर दिया गया है। पीएमओ प्रगति पर नजर रखेगा।''
कट बनाने से पूर्व सुरक्षा ऑडिट होगा
वहीं, एनएचएआई डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर फरीदाबाद सेक्टर-81 और सेक्टर-दो और सेक्टर-29 से दिल्ली मीठापुर के बीच प्रवेश और निकास कट बनवाने के लिए सुरक्षा ऑडिट करवाएगा। यदि ऑडिट की रिपोर्ट सकारात्मक आती है तो एनएचएआई प्रबंधन यहां कट बनवाने की कार्रवाई शुरू कर देगा।
रविवार को लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से मिलकर डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर से बल्लभगढ़ जाते समय बड़ौली पुल के नजदीक सेक्टर-75 पुल से पहले निकास कट बनवाने की मांग की थी। इसी तरह फरीदाबाद से दिल्ली-नोएडा की ओर जाते समय सेक्टर-29 कट से दिल्ली मीठापुर के बीच एक और कट बनवाने की मांग की थी। एनएचएआई के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर कट बनवाने के लिए सुरक्षा ऑडिट करवाया जाएगा। यदि ऑडिट में यहां कट बनाए जाने की रिपोर्ट मिलती है तो यहां कट जरूर बनाया जाएगा। इस बारे में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर की ओर से भी कट बनाने के लिए कहा गया है।
बीते दिसंबर माह में ‘हिन्दुस्तान’ ने भी उठाया मुद्दा
25 दिसंबर 2025 को ‘हिन्दुस्तान’ ने ‘सेक्टर-81 और दो के बीच कट न होने से परेशानी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस दौरान बड़ौली गांव के पास निकास कट की मांग को प्रमुखता से उठाया था। वाहन चालक यहां लंबे समय से कट बनाने की मांग कर रहे हैं।




साइन इन