मोदी जी, चार ED की रेड और करवा दो; अरविंद केजरीवाल ने क्यों कर डाली ऐसी मांग
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंह के हाल में दर्ज एक मामले से संबंधित जांच के तहत पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार छापे मारे।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंह के हाल में दर्ज एक मामले से संबंधित जांच के तहत पंजाब के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार छापे मारे। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया। ईडी की इस कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी लगातार बीजेपी पर हमलावर है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर दावा किया है कि बीजेपी वाले खुद बीजेपी की बुराई कर रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि चार ED की रेड और करवा दो जिससे पंजाब में बीजेपी की जमानत जब्त हो जाए।
उन्होंने कहा, पंजाब के घर घर में ED रेड की चर्चा है। जिस तरह मोदी जी और बीजेपी पंजाब के साथ धक्का कर रहे हैं, लोग उन्हें खूब भला बुरा कह रहे हैं। यहां तक कि बीजेपी वाले ख़ुद भी बीजेपी की खूब बुराई कर रहे हैं। मोदी जी पंजाब को कभी समझे ही नहीं। एक पंजाबी प्यार से अपना सब कुछ दे देगा, लेकिन उसके साथ धक्का करोगे तो पूरी ताकत से बदला लेगा। मोदी जी, चार ED की रेड और करवा दो, बीजेपी की सारी सीटों पे जमानत जब्त हो जाएगी। जिनको आप गिरफ्तार करोगे वो तो चार दिन बाद बाहर आ जाएँगे, पर बीजेपी अगले बीस साल पंजाब में घुसने लायक़ नहीं बचेगी।
7 घंटे की छापेमारी के बाद गिरफ्तार
जानकारी के मुताबिक 100 करोड़ से ज्यादा के फर्जी जीएसटी खरीद बिल और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में शनिवार को करीब 7 घंटे लंबी चली छापेमारी के बाद ईडी ने संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। उनके बेटे की भी गिरफ्तारी की सूचना है। अरोड़ा के चंडीगढ़ समेत कई ठिकानों पर ईडी ने आज सुबह रेड की थी। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी की कार्रवाई उत्तर भारत के पांच परिसरों पर की गई, जिनमें आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरोड़ा का चंडीगढ़ स्थित आधिकारिक आवास भी शामिल है। छापेमारी दिल्ली के दो परिसरों और गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड नामक कंपनी के परिसर में भी की गई। अधिकारियों के अनुसार, केंद्रीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की आपराधिक धाराओं के तहत नया मामला दर्ज करने के बाद ये छापेमारी शुरू की।
इससे पहले जैसे ही अरविंद केजरीवाल ने एक और पोस्ट कर कहा था कि बंगाल चुनाव खत्म हुए, मोदी जी ने पंजाब में रोज ED की रेड करना शुरू कर दिया है। पिछले कुछ सालों में मोदी जी ने पंजाब के साथ बहुत धक्का किया है। पंजाबियों को तरह तरह से प्रताड़ित किया है। पंजाब के पानी पर हमला किया, पंजाब यूनिवर्सिटी को लेने की कोशिश की, ग्रामीण विकास का पैसा रोक लिया और अब ED की ताबड़ तोड़ रेड शुरू कर दी। अशोक मित्तल के यहां रेड हुई। अगले दिन उनको बीजेपी में शामिल करवा लिया। इसका मतलब ईडी की रेड का मकसद चोरी का पैसा ढूंढना नहीं था। केवल अशोक मित्तल को तोड़कर उन्हें बीजेपी में शामिल करवाना था। कुछ दिन पहले संजीव अरोड़ा के यहां भी रेड हुई। वो बीजेपी में शामिल नहीं हुए तो उनके यहाँ फिर से रेड करवा दी।
उन्होंने आगे कहा, पंजाब गुरुओं की धरती है। कई सौ साल पहले औरंगज़ेब ने जुर्म और अत्याचार के जरिए देश के कई भागों पर क़ब्ज़ा कर लिया। मोदी जी ने भी बेईमानी से देश के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। उसके बाद औरंगजेब पंजाब पहुंचा। मोदी जी भी अब पंजाब पहुंचे हैं। औरंगजेब ने गुरुओं पर बहुत अत्याचार किए। मोदी जी भी पंजाबियों पर अत्याचार कर रहे हैं। पर गुरुओं ने कुर्बानी देकर औरंगज़ेब का सामना किया और लोगों को बचाया। आज गुरुओं की कुर्बानी से प्रेरणा लेकर पंजाब मोदी जी के अत्याचार का सामना करेगा और पूरे देश को उनके अत्याचार से बचाएगा। कुछ साल पहले मोदी जी ने पंजाब के किसानों को ललकारा था और उन्हें किसानों के आगे झुकना पड़ा। आज मोदी जी ने पूरे पंजाब को ललकारा है।




साइन इन