तो देश की कितनी बेइज्जती होती होगी; राजधानी दिल्ली का वीडियो शेयर कर क्यों भड़के केजरीवाल
एक दिन पहले केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारतीय जनता पार्टी का 'विजय रथ' पंजाब में रुकेगा। उन्होंने भाजपा पर चुनावों में हेरफेर के जरिये लोकतंत्र को अगवा कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी का एक वीडियो शेयर करते हुए देश की राजधानी में सड़कों पर फैली गंदगी और बिगड़ी हुई सफाई व्यवस्था को लेकर कई सवाल उठाए, और इसके लिए रेखा सरकार को जिम्मेदार बताते हुए जमकर कोसा। केजरीवाल ने पूछा कि क्या देश की राजधानी ऐसी होनी चाहिए, सात ही कहा कि जब देश-विदेश के लोग यहां आकर राजधानी का ऐसा हाल देखते होंगे तो कितनी बेइज्जती होती होगी। दरअसल उन्होंने जो वीडियो शेयर किया उसे पार्टी के विधायक डॉ अजय दत्त ने शेयर किया था, और इसमें अम्बेडकर नगर इलाके के अस्पताल के बाहर लगे कूड़े के ढेर को दिखाया गया था। इसी वीडियो को शेयर करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने शहर में फैली गंदगी को राज्य सरकार से जवाब मांगा।
अपनी पोस्ट में उस वीडियो को शेयर करते हुए केजरीवाल ने लिखा, 'क्या देश की राजधानी ऐसी होनी चाहिए? दिल्ली में देश-विदेश से लोग आते हैं। सोचिए, जब वे राजधानी का ऐसा हाल देखते होंगे, तो देश की कितनी बेइज्जती होती होगी? गलियों में सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं, सड़कों के किनारे गंदगी ही गंदगी है और अस्पतालों-स्कूलों के सामने कूड़े के ढेर लगे हैं.. इन लोगों ने 1 साल में दिल्ली का ऐसा हाल कर दिया है, तो 5 साल में क्या करेंगे?'
क्या है केजरीवाल के शेयर किए उस वीडियो में?
केजरीवाल ने जो वीडियो शेयर किया, उसे अम्बेडकर नगर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक डॉ अजय दत्त ने मंगलवार को शेयर किया था और इस वीडियो में उन्होंने अम्बेडकर अस्पताल के बाहर लगे कूड़े के ढेर को दिखाते हुए लोगों को होने वाली परेशानी के बारे में बताया था।
इस वीडियो को शेयर करते हुए विधायक ने लिखा था, 'दिल्ली को कूड़े और बदबूदार शहर बनाने में दिल्ली की मुख्यमंत्री और दिल्ली नगर निगम ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। अम्बेडकर नगर अस्पताल में लोग दवा लेने जाते हे लेकिन कूड़े के ढेर से बीमारी ले आते हैं। क्या ये कूड़ादान बन्द होगा या नहीं।'
विधायक बोले- यहां लोग इलाज कराने आ रहे, बीमारी लेकर जा रहे
वीडियो में AAP विधायक दत्त कहते हैं, 'ये देखिए पीछे अम्बेडकर नगर अस्पताल है, जहां हर रोज हजारों की संख्या में लोग इलाज कराने आते हैं और अस्पताल के बाहर कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जब से दिल्ली में भाजपा के नए मेयर बने हैं, दिल्ली में हर जगह कूड़ा ही कूड़ा दिख रहा है। हालात यह हैं कि भीषण गर्मी में भयानक बदबू के कारण अस्पताल के बाहर खड़ा भी नहीं हुआ जा रहा है। मैं भाजपा की सरकार से पूछना चाहता हूं कि तुम्हारी तीन इंजन की, चार इंजन की सरकार है, तुम दिल्ली का कूड़ा तक तो उठा नहीं सकते, ये व्यवस्था दोगे क्या दिल्ली के लोगों को।'

AAP बोली- बीजेपी ने दिल्लीवालों की जिंदगी नर्क बना दी
उधर अपने विधायक के शेयर किए इसी वीडियो को आम आदमी पार्टी ने भी अपने 'एक्स' अकाउंट पर शेयर किया और इसके साथ उसने लिखा, ‘बीजेपी ने दिल्लीवालों की जिंदगी नर्क बनाकर रख दी है... अंबेडकर नगर अस्पताल के पास लगा कूड़े का ये ढेर भाजपा की लापरवाही और निकम्मेपन की कहानी बयान कर रहा है। चार इंजन वाली भाजपा सरकार के सत्ता संभालते ही दिल्ली में जगह जगह कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।’
‘भाजपा का विजय रथ पंजाब में रुकेगा’
इससे एक दिन पहले केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारतीय जनता पार्टी का 'विजय रथ' पंजाब में रुकेगा। उन्होंने भाजपा पर चुनावों में हेरफेर के जरिये लोकतंत्र को अगवा कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में जो हुआ, वह चुनाव नहीं था। वहां महीनों से जो हो रहा था, हम उसे देख रहे थे। बिहार, महाराष्ट्र और यहां तक कि मेरे अपने नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में भी ऐसा ही हुआ था।'
'पंजाब चुनाव होंगे प्रधानमंत्री के आखिरी चुनाव'
केजरीवाल ने कहा, 'आज लोकतंत्र खतरे में है। 2014 में नरेन्द्र मोदी की लहर थी और वे (भाजपा) लगातार चुनाव जीतते रहे। फरवरी 2015 में उन्हें दिल्ली में केवल तीन सीट मिलीं। अगर वे पंजाब में सत्ता में आते हैं, तो राज्य को बर्बाद कर देंगे।' उन्होंने आरोप लगाया कि अगर कोई प्रतिद्वंद्वी पार्टी चुनाव जीत भी जाती है, तो इससे भाजपा को कोई खास फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों को उनके पीछे लगा देती है, धन-बल का इस्तेमाल करती है, विधायकों की खरीद-फरोख्त में जुट जाती है, पार्टियों को तोड़ने की कोशिश करती है, सरकारों को गिराती है, नेताओं को जेल भेजती है और यह सुनिश्चित करती है कि उनके 'वोट' काट दिए जाएं।
इसी दौरान केजरीवाल ने कहा था कि पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव ‘प्रधानमंत्री मोदी’ के लिए आखिरी चुनाव होंगे।




साइन इन