‘औरंगजेब का भी सपना था और मोदी जी का भी’… पंजाब में ED की रेड पर भड़के केजरीवाल
पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड के बाद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से कर डाली।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने पीएम की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से कर डाली। पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड के बाद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कहा कि 'मैं मोदी जी को पूरी विनम्रता के साथ याद दिलाना चाहता हूं कि पंजाब गुरुओं की धरती है। आज मोदी जी पंजाब के साथ जो अत्याचार कर रहे हैं। वो हमें कई सौ साल पहले की याद दिलाता है जब औरंगजेब ने भारत के अंदर जगह-जगह अत्याचार करके कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। आज मोदी जी ने बेईमानी करके भारत के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया है। उसके बाद औरंगजेब की नजर पंजाब के ऊपर पड़ी। इसी तरह पूरे देश में बेईमानी से कब्जा करने के बाद अब मोदी जी की भी नजर पंजाब के ऊपर है।'
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने आगे कहा 'औरंगजेब ने पंजाब के लोगों के साथ खूब अत्याचार किया और मोदी भी पंजाब के लोगों के साथ खूब अत्याचार कर रहे हैं। लेकिन उस वक्त हमारे गुरु साहिबान ने औरंगजेब के अत्याचार और अन्याय का सामना किया और कुर्बानियां दीं। उनकी कुर्बानियों से प्रेरित होकर आज पंजाब के लोग खड़े होकर मोदी जी के अत्याचार और अन्याय का सामने करेंगे और पूरे देश को मोदी राज के अन्याय और अत्याचार से मुक्ति दिलाएंगे। चार साल पहले भी आप पंजाब के साथ खिलवाड़ कर चुके हैं जब आपने तीन काले कानून लाने की कोशिश की थी और पंजाब के किसानों के सामने आपको घुटने टेकने पड़े थे। आज आपने फिर पंजाब को ललकारा है। पंजाब इसे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा। औरंगजेब का भी सपना था और मोदी जी का भी सपना है। औरंगेजेब को पंजाब के लोगों ने सबक सिखाया था।'
'इनका मकसद कोई काला पैसा ढूंढना नहीं'
ईडी की छापेमारी को लेकर केजरीवाल ने कहा कि 'पिछले कई दिनों से रोज बस एक ही खबर है कि आज ईडी ने यहां छापेमारी कर आज वहां कर दी। जैसे ही पंजाब के चुनाव खत्म हुए ईडी की पूरी दिल्ली की टीम पंजाब के अंदर आ गई है। इनका मकसद कोई काला पैसा ढूंढना नहीं है।'
लगातार हो रही छापेमारी
आपको बता दें कि ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी जांच के तहत संजीव अरोड़ा और उनसे कथित रूप से जुड़े कुछ अन्य लोगों के परिसरों पर शनिवार को फिर से छापे मारे। पंजाब ही नहीं उनके दिल्ली स्थित परिसर पर भी छापेमारी की गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन