कौन हैं नकुल गांधी, जो अमेरिका में बैठे कॉकरोच जनता पार्टी चीफ अभिजीत दीपके का दिल्ली में लड़ेंगे केस
कॉकरोच जनता पार्टी के ट्विटर हैंडल पर रोक लगाने का मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। ये केस केस लड़ने की जिम्मेदारी एनजी लॉ चेंबर्स के वकील नकुल गांधी को सौंपी गई है।

कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने ट्विटर अकाउंट ब्लॉक किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। केंद्र सरकार राष्ट्री सुरक्षा का हवाला देते हुए पार्टी के एक्स अकाउंट पर रोक लगा दी थी। सरकार के इस फैसले पर दीपके ने पार्टी की बढ़ती लोक्रप्रियता से डरने का आरोप लगाया था। अब ये मामला दिल्ली हाई कोर्ट पहुंच गया है। एनजी लॉ चेंबर्स के वकील नकुल गांधी कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से केस लड़ेंगे।
नकुल साल 2012 में एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से कानून (लॉ) की पढ़ाई पूरी कर चुके एक अनुभवी वकील हैं। वह 'करंजावाला एंड कंपनी', 'पीएंडए लॉ ऑफिसेज' और 'हम्मुराबी एंड सोलोमन पार्टनर्स' जैसी जानी मानी लॉ फर्म के साथ काम कर चुके हैं। वे सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट सहित देश के अन्य राज्यों के हाई कोर्ट्स (जैसे पंजाब और हरियाणा, कलकत्ता, बॉम्बे, नैनीताल), निचली अदालतों और विशेष ट्रिब्यूनल्स (जैसे NCLT, NGT, DRT) में भीर प्रैक्टिस करते हैं।
इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने का भी दावा
कॉकरोच जनता पार्टी को बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र अभिजीत ने शुरू किया था। इंस्टाग्राम पर इस संगठन के अब तक एक करोड़ 90 लाख से अधिक 'फॉलोअर' हैं। दीपके पहले 'आम आदमी पार्टी' (आप) से जुड़े रहे थे और अब अमेरिका में रहते हैं। एक्स अकाउंट ब्लॉक होने के बाद अभिजीत दीपके ने कहा था कि इस बात की उम्मीद पहले से थी क्योंकि कल से हमारे अकाउंट को हैक करने की कोशिश की जा रही थी। लेकिन सरकार का दांव उलटा पड़ गया है। दीपके ने कहा, मैंने अब 'एक्स' पर 'कॉकरोच इज बैक' नाम से एक नया अकाउंट शुरू किया है। उन्होंने कहा कि टीम इस मामले को कानूनी रूप से आगे बढ़ाएगी।
वहीं शनिवार को अभिजीत दीपके ने 'एक्स' पर दावा किया था कि उनका खुद का इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक कर लिया गया है। पार्टी ने शिक्षा क्षेत्र में कथित नाकामियों और नीट-यूजी पेपर लीक मामले को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान का इस्तीफा मांगते हुए शुक्रवार को एक अभियान शुरू किया था। बाद में दीपके ने दावा किया कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने धमकी भरे मैसेज के 'स्क्रीनशॉट' भी शेयर किए थे।
शनिवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में दीपके ने कहा, कॉकरोच जनता पार्टी के खिलाफ कार्रवाई। इंस्टाग्राम पेज हैक किया गया। मेरा पर्सनल इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक किया गया। ट्विटर अकाउंट पर रोक लगाई गई। बैक अप अकाउंट पर भी रोक लगा दी गई। उन्होंने लिखा, आपको सूचित करना चाहता हूं कि फिलहाल हम अपने सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे। इस पोस्ट के बाद किसी भी पोस्ट को कॉकरोच जनता पार्टी का आधिकारिक बयान न माना जाए।
कैसे शुरू हुई कॉकरोच जनता पार्टी
यह पार्टी भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत की उस टिप्पणी के बाद अस्तित्व में आई जिसमें उन्होंने वरिष्ठता की मांग कर रहे एक वकील से नाराजगी जताते हुए परजीवी और कॉकरोच जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया। हालांकि उन्होंने बाद में सफाई दी थी कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया और वह उन लोगों की बात कर रहे थे जो फर्जी डिग्रियों से वकालत के पेशे में प्रवेश करते हैं।
जस्टिस सूर्यकांत ने 15 मई को संबंधित टिप्पणी की थी और इसके एक दिन बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' सामने आई। यह तुरंत सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसे नेताओं, कार्यकर्ताओं, कलाकारों और बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिलने लगा।




साइन इन