जब अन्ना आंदोलन को समर्थन देने दिल्ली आए थे सुपरस्टार विजय, मंच पर दिया था भाषण; पुराना VIDEO वायरल
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसकी शुरुआत में सुपरस्टार विजय रामलीला मैदान में अप्रैल 2011 से शुरू हुए अन्ना आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए मंच के पास आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मंच पर पहुंचने के बाद कुमार विश्वास मंच पर अनशन कर रहे अन्ना को उनका परिचय देते हैं।

हाल ही में सामने आए तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचने वाले साउथ फिल्मों के सुपरस्टार और TVK पार्टी प्रमुख विजय जोसेफ इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। दो वर्ष पूर्व तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) पार्टी बनाने वाले विजय ने पहले ही चुनाव में राज्य की 234 सीटों में से 108 सीटें जीत लीं। जिसके बाद वे राज्य के मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में पहले नंबर पर चल रहे हैं। इसी बीच उनका लगभग 15 साल पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जब वे साल 2011 में अन्ना आंदोलन का समर्थन करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आए थे।
सोशल मीडिया पर जो वीडियो सामने आया है, उसकी शुरुआत में सुपरस्टार विजय रामलीला मैदान में 5 अप्रैल सन् 2011 से शुरू हुए अन्ना आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए मंच के पास आते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मंच पर पहुंचने के बाद कुमार विश्वास मंच पर अनशन कर रहे अन्ना को उनका परिचय देते हैं।
मंच से की थी अन्ना हजारे की तारीफ
कुल 25 सेकेंड लंबे इस वीडियो में विजय के मंच पर अंग्रेजी भाषा में दिए संबोधन का कुछ एडिटेड हिस्सा भी शामिल है, जिसमें कई कट्स लगे हुए हैं। इसमें वह अन्ना हजारे की तारीफ करते हुए यह कहते सुनाई दे रहे हैं, 'बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि के, और केवल अपनी कोशिशों से उन्होंने (अन्ना हजारे ने) पूरे देश में समर्थन की लहर जगा दी है और शासन से भ्रष्टाचार को खत्म करने का बीड़ा उठाया है।'
15 साल पहले हुआ था अन्ना आंदोलन, जन्मी थी आम आदमी पार्टी
बता दें कि अन्ना आंदोलन (2011) भारत में अन्ना हजारे के नेतृत्व में चला एक ऐतिहासिक भ्रष्टाचार विरोधी जन-आंदोलन था, जिसे 'इंडिया अगेंस्ट करप्शन' (IAC) कहा गया था। 5 अप्रैल 2011 को शुरू हुए इस आंदोलन को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिला था और इसने केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस गठबंधन की यूपीए सरकार पर बहुत दबाव बनाया था। भ्रष्टाचार के खिलाफ शुरू हुए इस आंदोलन में अन्ना हजारे के साथ अरविंद केजरीवाल, किरण बेदी, प्रशांत भूषण, योगेंद्र यादव, और कुमार विश्वास जैसे बड़े नेता शामिल थे। जिन्होंने आगे चलकर आम आदमी पार्टी का गठन किया था। इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य एक सशक्त 'जन लोकपाल विधेयक' पारित कराना था।
विजय को अबतक नहीं मिला सरकार बनाने का आमंत्रण
राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने और कांग्रेस सहित 112 समर्थक विधायकों की सूची सौंपने के बावजूद राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अब तक विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है। जिसके बाद TVK पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर गुरुवार को राज्यपाल आर्लेकर के सरकारी निवास लोकभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। तिरुप्पुर जिले के टीवीके कार्यकर्ताओं ने एसआर बोम्मई मामले के फैसले का हवाला देते हुए मीडिया से कहा कि लोकभवन बहुमत साबित करने का उचित स्थान नहीं है। टीवीके के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि टीवीके 108 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और संविधान के अनुसार, विजय को सरकार बनाने के लिए बुलाना राज्यपाल का कर्तव्य है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्यपाल टीवीके को सरकार बनाने का मौका न देकर भाजपा का पक्ष ले रहे हैं। (भाषा इनपुट के साथ)




साइन इन