राघव चड्ढा की नाराजगी और भाजपा में जाने के सवाल पर संजय सिंह ने क्या जवाब दिया?
क्या राघव चड्डा पार्टी से नाराज चल रहे हैं? कयास लगाए जाने लगे हैं कि राघव चड्डा ने अलग रास्ता पकड़ लिया है और वो भाजपा में जाने वाले हैं? ऐसे ही सवालों के जवाब सांसद संजय सिंह ने अपने ताजा इंटरव्यू में दिए हैं।

कथित शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी (आप) के दिग्गज नेताओं के डिस्चार्ज होने के बाद भी आप से राज्यसभा सांसद राघव चड्डा द्वारा कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। इसके बाद सुगबुगाहट होने लगी, क्या राघव चड्डा पार्टी से नाराज चल रहे हैं? कयास लगाए जाने लगे-राघव चड्डा ने अलग रास्ता पकड़ लिया है और वो भाजपा में जाने वाले हैं। ऐसे ही सवालों के जवाब सांसद संजय सिंह ने अपने ताजा इंटरव्यू में दिए हैं।
क्या राघव चड्डा आप से नाराज हैं?
इंडिया टुडे से हुई बातचीत के दौरान जब संजय सिंह से पूछा गया- क्या राघव चड्डा आम आदमी पार्टी से अलग हो गए हैं? इसका संजय सिंह ने स्पष्ट जवाब देते हुए कहा- "काहे अलग हो गए हैं? नहीं।" जब उनसे पूछा गया- शराब घोटाले में आप के दिग्गज नेताओं को डिस्चार्ज कर दिया गया, इतनी बड़ी जीत हुई, लेकिन इसके बावजूद राघव चड्डा ने एक ट्वीट भी नहीं किया। पार्टी ऑफिस भी नहीं पहुंचे। इस पर सांसद ने दो टूक जवाब दिया, लेकिन सारी जिम्मेदारी राघव चड्डा पर डाल दी। उन्होंने कहा- “ये सवाल आप उनसे पूछिए, तो बेहतर रहेगा। वो ज्यादा अच्छे से दे पाएंगे”
क्या राघव चड्डा भाजपा में जाने वाले हैं?
जब संजय सिंह से पूछा गया- अनुमान लगाया जा रहा है कि राघव चड्डा भाजपा की ओर जा रहे हैं। पंजाब चुनाव से पहले वो उसमें शामिल हो जाएंगे। इस सवाल पर सांसद ने कहा- "मुझे नहीं लगता कि ऐसा है।" लेकिन, अगले ही पल उन्होंने दो टूक लहजे में कहा- "जिस दिन वो ऐसा काम करेंगे, तो सबसे पहले उनके खिलाफ बोलने वाला मैं हूंगा।" उन्होंने मामला हाथ से निकल जाने की स्थिति में क्या किया जाएगा, इसके संकेत देते हुए कहा- “परिवार के अंदर जब तक हैं, तब तक एक साथ बैठकर समस्याओं को सुलझाएंगे। अगर मामला वहां तक पहुंच गया, तो देखा जाएगा।”
पेशे से सीए हैं राघव चड्डा, जानिए और भी बातें
राघव चड्ढा आम आदमी पार्टी के नेता हैं। वे पंजाब से राज्यसभा के सबसे युवा सदस्य हैं। वो पूर्व दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और दिल्ली के राजेंद्र नगर विधानसभा सीट से 2022 तक विधायक थे। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट राघव चड्डा ने आम आदमी पार्टी से जुड़कर वित्तीय मामलों और नीतिगत रणनीति में अहम भूमिका निभाई है। लेकिन, काफी लंबे समय से आम आदमी पार्टी में होने वाली राजनीतिक उथल-पुथल पर उनकी सक्रियता नहीं दिखने से कई तरह के सवाल उठने लगे हैं।




साइन इन