दिल्ली में अप्रैल की बारिश ने तोड़ा 18 साल का रिकॉर्ड, तेज गर्मी से थोड़ी राहत के आसार
Delhi Mausam: दिल्ली में इस साल अप्रैल के महीने में 18 साल बाद रिकॉर्ड तोड़ बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल 2008 के बाद पहली बार इतनी अधिक वर्षा हुई है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के आंकड़ों से पता चला है कि 2008 के बाद ऐसा पहली बार हुआ है जब अप्रैल के महीने में दिल्ली में इतनी अधिक वर्षा हुई है। मौसम विभाग के आंकड़े बतलाते हैं कि शनिवार तक दिल्ली में 27.9 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की जा चुकी है। इससे पहले अप्रैल 2008 में 38.6 मिमी बारिश हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में अधिकतम तापमान में विशेष बढ़ोतरी नहीं होगी लेकिन इसके बाद तापमान बढ़ सकता है।
इस साल अप्रैल की शुरुआत में हुई बारिश ने महीने के दीर्घकालिक औसत (एलपीए) 16.3 मिमी को काफी पीछे छोड़ दिया है। सफदरजंग मौसम विज्ञान केंद्र में शनिवार तक 28.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। पालम में 35.8 मिमी, आयानगर और लोधी रोड में क्रमश: 36.5 मिमी और 28.1 मिमी बारिश हुई है।
सफदरजंग में शुक्रवार सुबह 8.30 बजे से शनिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 12.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसी अवधि में पालम में 18.6 मिमी और लोधी रोड में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक दिन की बारिश के लिहाज से देखें तो सफदरजंग में दर्ज 24 घंटे की बारिश 2023 के बाद सबसे अधिक है। अप्रैल 2023 एक दिन में 16.3 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
अधिकारी ने बताया कि अप्रैल में अब तक की सबसे अधिक एक दिन की बारिश 16 अप्रैल 1983 को दर्ज की गई थी। तब सफदरजंग में 134 मिमी और पालम में 117.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। IMD के अनुसार, अप्रैल में सबसे अधिक कुल बारिश भी 1983 में ही दर्ज की गई थी।
3 दिन तेज गर्मी से राहत के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों तक अधिकतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है। इसके बाद तापमान फिर से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शनिवार को दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 38 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रिज क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म रहा जहां 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
42 डिग्री तक जाएगा तापमान
मौसम विभाग की ओर से 19, 20 और 21 अप्रैल को दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में आंशिक रूप से बादल नजर आ सकते हैं। इसकी वजह से तापमान काबू में रहेगा। इन तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इसके बाद इसमें बढ़ोतरी देखी जाएगी। दिल्ली में 22, 23 और 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रविवार को दिल्ली में हवा 5 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है।




साइन इन