himachal pradesh weather update hottest day in shimla rain alert on ther days शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन, हिमाचल में बदलेगा मौसम; कब-कब बारिश?, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन, हिमाचल में बदलेगा मौसम; कब-कब बारिश?

हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होते ही गर्मी बढ़ गई है। शिमला में शनिवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। बरठीं में तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि, कुछ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश भी हुई। 

Sat, 18 April 2026 07:55 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन, हिमाचल में बदलेगा मौसम; कब-कब बारिश?

Himachal Pradesh Mausam: हिमाचल प्रदेश में मौसम खुलने से गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। राजधानी शिमला में शनिवार को इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। यह सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन करीब 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को दिन के समय तेज गर्मी महसूस होने लगी है। हालांकि जल्द ही मौसम बदलने का भी अनुमान है।

बरठीं हिमाचल प्रदेश का सबसे गर्म स्थान

हिमाचल प्रदेश के कई मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर जिले का बरठीं हिमाचल प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां कितना तापमान?

इसके अलावा ऊना में 35.7 डिग्री, नाहन में 34.3 डिग्री, मंडी में 34.2 डिग्री, सुंदरनगर में 33.6 डिग्री और कांगड़ा में 33.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। वहीं पर्यटन स्थल मनाली में अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है।

न्यूनतम तापमान की बात करें तो हिमाचल प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कल्पा में 4.6 डिग्री, ताबो में 5.0 डिग्री, सराहन में 7.3 डिग्री और मनाली में 8.5 डिग्री दर्ज किया गया। शिमला में रात का तापमान 15.6 डिग्री और ऊना तथा कांगड़ा में 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

किन्नौर और कुल्लू में हल्की बर्फबारी

हालांकि, इससे पहले बीती रात ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम बदला नजर आ रहा है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मध्य और निचले इलाकों में कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल दिवस पर सौगातों का ऐलान; अधिकारियों को वेतन राहत, पुलिस वालों को भी तोहफा

मंडी के सलापड़ में ज्यादा बारिश

सबसे अधिक बारिश मंडी जिला के सलापड़ में 21.0 मिलीमीटर और चंबा जिले के सलूणी में 18.3 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा कुकुमसेरी में 14.4 मिलीमीटर, सांगला में 7.8 मिलीमीटर और कल्पा में 5.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं और सियोबाग में हवा की रफ्तार 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। शनिवार को शिमला और मनाली समेत कई इलाकों में दिनभर तेज धूप खिली रही। इसके कारण लोगों को दिन के समय गर्मी का ज्यादा एहसास हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में पंचायत चुनाव से पहले खुला नौकरी का पिटारा, 1550 पद भरने समेत कई फैसले

कब-कब बारिश और बर्फबारी का अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान यानी रविवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों के मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इन जिलों में आंधी और बिजली गिरने का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 20 अप्रैल को केवल ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि 21 से 23 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने और तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं 24 अप्रैल को मैदानी इलाकों को छोड़कर अन्य हिस्सों में फिर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में फिर बदला मौसम, यहां हुई बर्फबारी, कई जिलों में आंधी का अलर्ट

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।