गुरुग्राम के इन 5 इलाकों में पानी सप्लाई के लिए नई पाइपलाइन बिछेगी, क्या तैयारी?
गुरुग्राम के 5 सेक्टरों में पानी की किल्लत दूर करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। इससे अगले साल तक हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।

गुरुग्राम के 5 सेक्टरों (सेक्टर 42, 43, 53, 54 और 55) में पानी की किल्लत दूर करने के लिए नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने तैयारी शुरू कर दी है। इन इलाकों की सोसाइटियों से लगातार कम पानी मिलने की शिकायतें आ रही थीं। इस समस्या के समाधान के लिए सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर-54 की सनसिटी कॉलोनी तक नई पाइप लाइन डाली जाएगी। इसका एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे।
पानी नहीं मिलने की आ रही थी शिकायतें
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के तहत नई पाइपलाइन बिछाने का एस्टिमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गोल्फ कोर्स रोड के सेक्टर-42, 43 के अलावा सेक्टर-53 से लेकर सेक्टर-55 तक विकसित रिहायशी कॉलोनियों और सोसाइटियों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने की शिकायत मिल रही थी।
सनसिटी कॉलोनी के समीप तक डाली जाएगी पानी की नई लाइन
इसके चलते जीएमडीए ने फैसला लिया है कि सेक्टर-51 के बूस्टिंग स्टेशन से सेक्टर-54 स्थित सनसिटी कॉलोनी के समीप तक पानी की नई लाइन डाली जाएगी। दावा किया जा रहा है कि इस पाइपलाइन के डलने के बाद इन सेक्टरों में पानी की कमी शिकायत खत्म हो जाएगी। अगले साल की गर्मियों से इन सेक्टरों में रह रहे हजारों परिवारों को पर्याप्त पेयजल मिलने लगेगा। बता दें कि गर्मी में कई कॉलोनियों और सेक्टर में पर्याप्त पेयजल न पहुंचने की शिकायत रहती है।
पानी नहीं पहुंचने से सनसिटी कॉलोनी में परेशानी
करीब 200 एकड़ में विकसित सनसिटी कॉलोनी में करीब 15 सौ परिवार रहते हैं। अरावली पर्वत शृंखला से सटकर विकसित हुई इस कॉलोनी के ऊंचाई पर बने मकानों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता है। इन लोगों की शिकायत पर जीएमडीए की तरफ से सर्वे किया गया। इसमें शिकायत सही पाई गई। इस तरह गोल्फ कोर्स रोड पर विकसित पांच सेक्टरों की शिकायत जीएमडीए के पास पहुंच रही थी।
बिजली कटौती से आपूर्ति में दिक्कत
चंदू बुढेड़ा के जल शोधन संयंत्र में बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। इस वजह से पानी की सप्लाई पर असर पड़ रहा है। खासी दिक्कत सुशांत लोक दो, तीन और सेक्टर-56 में हो रही है। जीएमडीए की तरफ से पर्याप्त पेयजल सप्लाई के प्रयास किए जा रहे हैं। एक बार बिजली कट लगने के बाद करीब 50 मिनट तक मोटर बंद रहती है। प्रेशर के साथ पानी वापस आता है। यदि इस दौरान मोटर चला दी जाए तो पाइप लाइन फट सकती है।




साइन इन