गुरुग्राम नगर निगम के ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मच गई अफरा-तफरी; मौके पर बम निरोधक दस्ता
गुरुग्राम नगर निगम के मुख्य ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में परिसर को खाली करवा गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता की टीम और पुलिस अधिकारी मौजूद हैं।

दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के सेक्टर-34 स्थित नगर निगम के मुख्य कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी भरा यह संदेश एक ई-मेल के जरिए भेजा गया, जिसके बाद पूरे निगम प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जैसे ही नगर निगम के आला अधिकारियों को इस धमकी भरे मेल की भनक लगी, कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनंद-फानन में पूरे बहुमंजिला भवन को खाली कराया गया। दफ्तर में मौजूद तमाम अधिकारियों, कर्मचारियों और अपने काम से पहुंचे आम नागरिकों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मौके पर बम निरोधक दस्ता
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस की भारी नफरी, बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं। पूरे निगम कार्यालय को सील कर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है।
मेल कहां से और किसने भेजा?
पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस बात की जांच में जुट गई हैं कि यह मेल कहां से और किसने भेजा है। शुरुआती तौर पर इसे किसी की शरारत भी माना जा रहा है, लेकिन पुलिस कोई कोताही नहीं बरत रही है। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है और आसपास के इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
29 अप्रैल को स्कूलों को मिली थी धमकी
इसी साल 29 अप्रैल को गुरुग्राम के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिले थे।पुलिस ने बाद में धमकी के फर्जी निकलने की पुष्टि की। पुलिस ने बताया कि यह ईमेल 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' ने भेजा था और उसने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी 29 अप्रैल को '40वां खालिस्तान घोषणा दिवस' घोषित करने की धमकी दी थी।
'खालिस्तान नेशनल आर्मी ने दिल्ली के लाल किले पर बम से हमला करने की भी धमकी दी थी पुलिस ने कहा कि यह एक अफवाह थी क्योंकि गहन तलाशी के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
सुबह 9 बजे धमकियों की जानकारी मिली थी
पुलिस ने बताया कि श्री राम, एमिटी और एचडीएफसी स्कूल समेत कम से कम 10 स्कूलों को सुबह 8.33 बजे धमकी भरे ईमेल मिले, जब कक्षाएं पहले ही शुरू हो चुकी थीं। स्कूल प्रशासनों को सुबह करीब 9 बजे धमकियों की जानकारी मिली और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्कूलों ने तुरंत आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू कर दिए थे। कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी थी और अभिभावकों से अपने बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने का अनुरोध किया था।
अभिभावक स्कूल के बाहर जमा हो गए थे
वहीं पुलिस और बम निरोधक दल के मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की थी, वहीं बड़ी संख्या में चिंतित अभिभावक स्कूल के बाहर जमा हो गए थे। बम निरोधक दस्ते और खोजी कुत्तों के दस्ते को भेजकर स्कूलों की पूरी तरह से तलाशी ली गई थी। स्कूल परिसर, क्लास रूम, इमारतों और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई थी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
(भाषा के इनपुट के साथ)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन