नमो भारत ट्रेन के लिए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की तर्ज पर खरीदी जाएगी जमीन, यहां से निकलेगा रूट
Namo Bharat Train : गुरुग्राम में नमो भारत ट्रेन प्रोजेक्ट जल्द रफ्तार पकड़ने जा रहा है। इसके लिए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट की तर्ज जमीन मालिकों से आपसी सहमति के आधार पर भूमि खरीदने पर विचार किया जा रहा है।

ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की तर्ज पर नमो भारत ट्रेन के लिए आवश्यक जमीन को सीधे जमीन मालिकों से खरीदा जाएगा। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एचएमआरटीसी) ने जमीन खरीद नीति के बारे में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सूचित किया है। एनसीआरटीसी ने दिल्ली से गुरुग्राम और रेवाड़ी होते हुए राजस्थान के बहरोड़ तक और दिल्ली से सोनीपत, पानीपत होते हुए करनाल तक नमो भारत ट्रेन के संचालन को लेकर रूट प्रस्तावित किया है।
हरियाणा सरकार की तरफ से इन दोनों रूटों को लेकर मंजूरी दी जा चुकी है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद इन दोनों ट्रेन के निर्माण की दिशा में काम शुरू हो जाएगा। एनसीआरटीसी ने एचएमआरटीसी को सूचित किया था कि नमो भारत ट्रेन के इन दोनों मार्गों पर निजी लोगों की जमीन भी आ रही है। इसको लेकर एचएमआरटीसी ने उन्हें सूचित किया है कि हरियाणा सरकार की तरफ से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण के बीच में आ रही निजी लोगों की जमीन को खरीदने के लिए जमीन खरीद नीति बनाई है।
10 सदस्यीय समिति गठित
जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में गठित इस समिति में 10 सदस्य हैं। इनमें जीएमडीए के अतिरिक्त सीईओ, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त, भूमि अधिग्रहण अधिकारी, जिला नगर योजनाकार, जिला राजस्व अधिकारी, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के कार्यकारी अभियंता के अलावा गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) के तीन अधिकारी शामिल हैं। इस नीति के आधार पर एनसीआरटीसी के लिए जमीन की खरीद की जाएगी।
प्रबंध निदेशक को निर्देश जारी हो चुके
फरवरी में एनसीआरटीसी के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को पत्र लिखा था। इसमें कहा था कि साल 2013 की जमीन अधिग्रहण नीति के तहत यदि नमो भारत ट्रेन के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जाता है तो इस परियोजना के निर्माण में देरी हो जाएगी। उन्होंने पत्र में कहा था कि ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो को लेकर तैयार जमीन एनसीआरटीसी जमीन मालिकों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदना चाहती है। इसकी नीति बनवाई जाए।
यहां बनेंगे स्टेशन
गौरतलब है कि एनसीआरटीसी की योजना दिल्ली के सराय काले खां से लेकर हरियाणा के धारूहेड़ा तक नमो भारत ट्रेन चलाने की है। पहले बहरोड़ तक नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना थी, लेकिन अब पहले चरण में धारूहेड़ा तक ट्रेन चलाई जाएगी। दूसरे चरण में इस ट्रेन से राजस्थान के बहरोड़ क्षेत्र को जोड़ा जाएगा। पहले चरण में दिल्ली में 4 स्टेशन और हरियाणा में 9 स्टेशन का निर्माण किया जाएगा। ये स्टेशन दिल्ली में सराय काले खां, जोरबाग, मुनीरका, एरो सिटी, गुरुग्राम में साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला, मानेसर, पचगांव, बिलासपुर और रेवाड़ी के धारूहेड़ा होंगे।




साइन इन