गुरुग्राम में संवरेंगी 100 से ज्यादा सड़कों की सूरत, धूल मुक्त करने को CRRI और SPA तैयार करेंगे डिजाइन
गुरुग्राम और मानेसर में सड़कों को धूल मुक्त करने के लिए नए सिरे से डिजाइन किया जाएगा। दोनों जगहों पर 100 से अधिक सड़कों को संवारा जाएगा। सीआरआरआई और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर इन सड़कों के डिजाइन तैयार करेंगे।

गुरुग्राम और मानेसर की 100 से ज्यादा 12 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों को धूलमुक्त किया जाएगा। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (एसपीए) की तरफ से इन सड़कों का डिजाइन तैयार किया जाएगा।
बीते साल 26 दिसंबर को वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने गुरुग्राम की 125 सड़कों का निरीक्षण किया था। इनमें से 34 सड़कों पर अत्याधिक धूल, 58 सड़कों पर मध्यम धूल और 29 सड़कों पर कम धूल उड़ती मिली थी। सिर्फ चार सड़क ऐसी थी, जिसके ऊपर धूल नहीं उड़ रही थी। सीएक्यूएम की रिपोर्ट के आधार पर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने बढ़ते प्रदूषणस्तर के मद्देनजर एनसीआर में शामिल हरियाणा के सात शहरों की सड़कों को धूलमुक्त करने के आदेश जारी किए थे। इनमें गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, करनाल, रोहतक, सोनीपत और पानीपत शामिल हैं।
शहरी निकाय विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, सात शहरों में 10 हजार 132 किमी लंबी सड़कें हैं। इनमें 8235 किमी लंबी सड़कों की चौड़ाई 10 मीटर से कम है। 12 मीटर से 15 मीटर चौड़ाई की 531 किमी, 15 मीटर से 30 मीटर चौड़ाई की 639 किमी सड़कों के अलावा कई सड़कें शामिल हैं।
अगले सप्ताह में एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे
इन सड़कों के डिजाइन को लेकर अगले सप्ताह में शहरी निकाय विभाग की तरफ से सीआरआरआई और एसपीए से एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। सीआरआरआई और एसपीए को करीब साढ़े 12 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। तीन महीने के अंदर डिजाइन तैयार करके देना होगा। सबसे पहले गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद का डिजाइन बनेगा, क्योंकि यह दिल्ली से बिल्कुल सटे हैं। एनजीटी ने 27 दिसंबर तक सभी सड़कों को धूलमुक्त करने के आदेश जारी किए हैं।
बरसाती नालों की मिट्टी सड़क किनारे डाली
जीएमडीए की तरफ से बरसाती नालों की सफाई करवाई जा रही है। नालों से निकली मिट्टी को ठिकाने लगाने की बजाय सड़क किनारे कच्ची जगह पर डाल दिया है। उमंग भारद्वाज चौक से लेकर हीरो होंडा चौक तक जा रही सड़क पर जीएमडीए के ठेकेदार ने फुटपाथ पर मिट्टी डाल दी है।
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड से शुरुआत
गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड (वाटिका चौक से लेकर घाटा ट्रैफिक सिग्नल तक) पर दोनों तरफ करीब साढ़े तीन मीटर की चौड़ी सड़क अभी कच्ची है। जीएमडीए की तरफ से इसको पक्का करने की योजना बनाई है। छह करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क पर दोनों तरफ चौथी लेन तैयार की जाएगी।
हेमंत यादव, मुख्य अभियंता (मुख्यालय), शहरी निकाय विभाग, ''एनसीआर दायरे में आ रहे सात शहरों की सड़कों को धूलमुक्त किया जाएगा। सीआरआरआई और एसपीए से सड़कों का डिजाइन तैयार करवाया जाएगा। इसको लेकर जल्द एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे।''




साइन इन