दिल्ली-NCR के हाईवे-एक्सप्रेसवे पर हादसे में तुरंत मिलेगी मदद, NHAI के 11 कॉरिडोर पर लगेगा VIDS
एनएचएआई की सहायक कंपनी आईएचएमसीएल दिल्ली-एनसीआर 11 प्रमुख कॉरिडोर पर वीआईडीएस सिस्टम लगाएगी। इससे हाईवे और एक्सप्रेसवे पर हादसा होने पर पीड़ितों को तुरंत मदद मिल सकेगी।

दिल्ली-एनसीआर के हाईवे और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना होने पर फौरन मदद मिलेगी, जिससे जान बचाई जा सके। इसके लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की सहायक कंपनी इंडियन हाईवेज मैनेजमेंट कंपनी लिमिटेड (आईएचएमसीएल) ने 11 प्रमुख कॉरिडोर पर अत्याधुनिक वीडियो इंसिडेंट डिटेक्शन सिस्टम (वीआईडीएस) लगाने का निर्णय किया है। इससे दुर्घटना होने पर तत्काल जानकारी मिलेगी और समय रहते राहत व बचाव दल पहुंच सकेगा। इस योजना से एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) अधिक सशक्त बनेगा। इस साल के भीतर इनको लगा दिया जाएगा।
वास्तविक समय में होगी पहचान
ये वीडियो कैमरा आधारित सिस्टम वास्तविक समय में दुर्घटना को पहचान कर उसकी सूचना कॉरिडोर से जुड़े कंट्रोल रूम को देगा, जिससे एंबुलेंस व अन्य मदद समय पर पहुंचाई जा सके। उद्देश्य यही है कि लोगों की जान बचाई जा सके। अभी केवल 1033 पर कॉल के जरिये ही दुर्घटना की सूचना प्राप्त होती है। इसमें काफी देरी होती है। आईएचएमसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि वीडियो आधारित नए सिस्टम में दुर्घटना की पहचान करने के लिए उससे मिलती-जुलती परिस्थितियों की तस्वीरों को फीड किया जाता है। जिसमें वाहनों के बीच टक्कर, पैदल यात्री से वाहन की टक्कर, वाहन स्लिप होने समेत कई परिस्थितियां शामिल हैं। उनसे मिलती परिस्थिति बनते ही वह कंट्रोल रूम को सूचित करेगा। इसके अलावा रोड पर सेंसर लगाए जाएंगे जो टक्कर की आवाज को पकड़ेंगे।
ये कॉरिडोर चयनित
● दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे
पैकेज-1: सराय काले खां-गाजीपुर बॉर्डर, 08 किलोमीटर
पैकेज-2: गाजीपुर बॉर्डर से डासना, 19 किलोमीटर
पैकेज-3: डासना से हापुड़ बाईपास, 22 किलोमीटर
पैकेज-4: डासना से मेरठ, 32 किलोमीटर
● देहरादून एक्सप्रेसवे
पैकेज-1: अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर, 15 किलोमीटर
पैकेज-2: लोनी बॉर्डर से बागपत ईपीई तक, 17 किलोमीटर
● दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
- डीएनडी से जैतपुर, 09 किलोमीटर
- जैतपुर से फरीदाबाद सेक्टर-62/65 24 किलोमीटर
● एनएच-248ए : राजीव चौक से गुरुग्राम, 09 किलोमीटर
● एनएच-48: दिल्ली-गुरुग्राम-कोटपुतली, 63 किलोमीटर
● धारूहेड़ा-भिवाड़ी लिंक रोड: 05 किलोमीटर
फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड हो सकता है टोल मुक्त
फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर सफर करने वाले लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। यहां स्थित टोल प्लाजा का संचालन कर रही कंपनी के साथ हुआ 17 साल पुराना करार 12 जून को समाप्त हो रहा है। ऐसे में इस रोड के टोल मुक्त होने की संभावना बढ़ गई है। इस संबंध में विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। वहीं, टोल प्लाजा के प्रबंधक जेपी रावत ने कहा कि नोटबंदी के दौरान टोल संचालन बंद रहने के कारण टोल रोड परियोजना की अवधि में 12 दिनों का विस्तार किया गया था।




साइन इन