DND से सीधे पहुंचेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, एक साल में जेवर एयरपोर्ट से डायरेक्ट कनेक्टिविटी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को डीएनडी-जैतपुर खंड का निरीक्षण किया। डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर तक 9 KM लंबे हिस्से का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ है। इस पर करीब 1836 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। अब डीएनडी से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंचा जा सकेगा।

अब डीएनडी से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर पहुंचा जा सकेगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ डीएनडी-जैतपुर खंड का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण फरीदाबाद के चंदावली गांव तक किया गया, जहां से संपर्क मार्ग के जरिये एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाना है। इस दौरान गडकरी ने कहा कि वह बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए आमंत्रित करेंगे।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) के अधिकारियों के अनुसार, एक्सप्रेसवे खुलने के बाद सराय काले खां से फरीदाबाद की दूरी करीब 20 मिनट, मानेसर 45 मिनट और जयपुर लगभग ढाई घंटे में तय की जा सकेगी। इससे दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
देश का सबसे लंबा स्टील आर्च ब्रिज
डीएनडी फ्लाईवे से जैतपुर तक नौ किलोमीटर लंबे हिस्से का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ है। इस परियोजना पर करीब 1836 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इसी खंड में आगरा कैनाल पर देश का सबसे लंबा 140 मीटर का स्टील आर्च ब्रिज बनाया गया है। इसके खुलने से मथुरा रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा है। फरीदाबाद, सोहना और जयपुर तक एक्सप्रेसवे का हिस्सा पहले ही चालू है। वहीं मध्यप्रदेश, वडोदरा और मुंबई तक निर्माण जारी है। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा व अजय टम्टा, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह मौजूद रहे।
जेवर एयरपोर्ट तक बढे़गी सीधी कनेक्टिविटी
गडकरी ने बताया कि फरीदाबाद के चंदावली गांव के पास संपर्क मार्ग बनाकर एक्सप्रेसवे को जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। यह काम करीब एक वर्ष पूरा होगा। इसके बाद फरीदाबाद, पलवल और हरियाणा के आसपास के क्षेत्रों से जेवर एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, केंद्र की परियोजनाओं से दिल्ली को जाम, प्रदूषण से राहत मिलेगी।
इस वर्ष शुरू होंगी चार सड़क परियोजनाएं
वहीं दिल्ली को जाम मुक्त बनाने की दिशा में इस वर्ष चार बड़ी सड़क परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा। नितिन गडकरी ने बताया कि तीन प्रमुख सड़कों को सिग्नल फ्री बनाया जाएगा, जबकि एक सड़क का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अब तक 87 हजार करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा 13 हजार करोड़ रुपये की 225 किलोमीटर लंबी परियोजनाओं पर निर्माण कार्य जारी है। वहीं 25 से 30 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की डीपीआर तैयार की जा रही है। गडकरी ने बताया कि यूईआर-2 को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए अलीपुर से गाजियाबाद के ट्रॉनिका सिटी तक 17 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना पर इसी वर्ष काम शुरू होगा।
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे UER-2 से जुड़ेगा
इससे राजस्थान, हरियाणा और बाहरी दिल्ली के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक मथुरा रोड, पंजाबी बाग से टिकरी बॉर्डर तक रोहतक रोड और महरौली से गुरुग्राम बॉर्डर तक एनएच-148ए को सिग्नल फ्री बनाने का काम भी वर्ष के अंत तक शुरू किया जाएगा। दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे को यूईआर-2 से जोड़ने की डीपीआर तीन महीने में तैयार होगी। यूईआर-2 को ट्रॉनिका सिटी से नोएडा तक बढ़ाने के लिए अलाइनमेंट अंतिम चरण में है।




साइन इन