Uncle and nephew hatched a horrific revenge plot revealed in the Noida murder case मामा-भांजे ने बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, नोएडा हत्याकांड में खुलासा, Ncr Hindi News - Hindustan
More

मामा-भांजे ने बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, नोएडा हत्याकांड में खुलासा

नोएडा के लुक्सर गांव के नितिन नागर की हत्या की साजिश मामा-भांजे ने मिलकर रची थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया।

Thu, 26 Feb 2026 01:38 PMAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नोएडा
share
मामा-भांजे ने बदला लेने के लिए रची खौफनाक साजिश, नोएडा हत्याकांड में खुलासा

नोएडा के लुक्सर गांव के नितिन नागर की हत्या की साजिश मामा-भांजे ने मिलकर रची थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। करीब डेढ़ साल पहले हुई विनय नागर की हत्या का बदला लेने के लिए मामा-भांजे ने दोस्तों की मदद से घटना को अंजाम दिया। मामले में अब तक कुल पांच लोग दबोचे जा चुके हैं।

पुलिस के मुताबिक लुक्सर गांव में मंगलवार की सुबह नितिन नागर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नितिन की पत्नी श्वेता ने इस मामले में मुकदमा दर्ज करवाया। सेक्टर ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी नितिन निवासी लुक्सर और राजेश प्रधान निवासी घंघोला को गिरफ्तार किया । एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि आरोपी मामा-भांजे हैं। आरोपी नितिन ने अपने मामा राजेश के साथ मिलकर भाई विनय की हत्या का बदला लेने के लिए नितिन नागर की हत्या करने की साजिश रची। आरोपी राजेश प्रधान के खिलाफ कासना कोतवाली में पूर्व में रंगदारी और नितिन पर अपहरण और मारपीट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस ने बुधवार की रात मुठभेड़ के बाद दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। ग्रेटर नोएडा के डीसीपी साद मियां खान ने बताया कि पुलिस टीम की बुधवार की रात इमलिया गांव के समीप दोनों बदमाशों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों ने नितिन पर गोली चलाई थी। दोनों कैमरे में कैद हुए थे। पुलिस मुठभेड़ में घायल दोनों बदमाशों की पहचान बुलंदशहर के सचिन और लुक्सर के विपिन के रूप में हुई।

गांव में अंतिम संस्कार हुआ

लुक्सर गांव में बुधवार की दोपहर नितिन नागर का शव उसके घर पहुंचा। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से पहले पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार हुआ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:कोख में बच्चा, पत्नी और 3 बेटियां; दिल्ली में कैसे अंजाम दिया गया ‘गला काट’ कांड
ये भी पढ़ें:बचपन से बीमार, स्कूल भी नहीं गए; नई दिल्ली को संवारने वाले लुटियंस की कहानी
ये भी पढ़ें:दिल्ली डबल मर्डर का आरोपी गिरफ्तार, मां-बेटी की हत्या कर बेड में छिपा दी थी लाश

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ली: नितिन नागर की हत्या के बाद कई सीसीटीवी फुटेज सामने आईं। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर फुटेज कब्जे में ले लीं। घटनास्थल से कुछ अहम साक्ष्य जुटाए।

स्टेटस पर लिखा-बंदूक से जियो, बंदूक से मारो

लुक्सर गांव में नितिन नागर की हत्या करने के बाद इंस्टाग्राम पर स्टेटस लगाया गया कि बदला पूरा हुआ। इसमें पूर्व में मारे गए विनय का फोटो भी लगाया गया। इसके साथ ही स्टेटस पर लिखा गया है कि बंदूक से जियो, बंदूक से मारो। पुलिस इन स्टेटस के बारे में जांच कर रही है। मृतक नितिन नागर के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पूर्व से खुलेआम धमकी दे रहे थे। परिजनों के पास इनकी एक ऑडियो भी है, जिसमें मृतक नितिन और उनके परिजनों को फोन कर धमकी दी गई थी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद इंस्टाग्राम पर हत्या का बदला लेने का स्टेटस लगाया। पुलिस का कहना है कि जांच की जाएगी

पीड़ित और आरोपी दोनों के घर पुलिस तैनात

लुक्सर गांव में नितिन नागर की हत्या के बाद गांव में तनाव पूर्ण स्थिति है। दरअसल, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। पूर्व में दूसरे पक्ष के एक युवक की हत्या कर दी गई थी। अब बदले में नितिन की हत्या की गई। ऐसे में पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मृतक युवक और आरोपी के घर पुलिस बल तैनात है। पुलिस दोनों परिवारों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद को गोली मारी

पुलिस का दावा है कि योजनाबद्ध तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया गया, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की और आरोपियों के झूठ का पर्दाफाश कर दिया। आरोपी खुद के बुने जाल में फंस गए।

एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 11:00 बजे नितिन नागर की हत्या की घटना को अंजाम दिया गया। हत्या की घटना में शामिल एक आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू ने साजिश के मुताबिक खुद के पैर में गोली मारी थी। इसके बाद वह भागता हुआ आरोपी नितिन के घर पहुंचा था। नितिन के घर हत्या की साजिश रची गई थी। इसके बाद जितेंद्र उर्फ जीते को घायल अवस्था में आरोपी नजदीक के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है। आरोपी ने दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए खुद अपने ऊपर गोली चलाई।

पुलिस मौके पर पहुंची तो घटनास्थल से आरोपी नितिन के घर तक खून के धब्बे मिले। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर मिले खून का नमूना लिया है, जिसे जांच में शामिल किया जाएगा। इससे साफ हुआ कि आरोपी घटना के बाद नितिन के घर पहुंचा, जहां हत्याकांड की साजिश रची गई थी। इसलिए पुलिस ने आरोपी नितिन और उसके मामा राजेश को हत्या की साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना के समय आरोपी राजेश भी नितिन के घर में मौजूद था। इसके बाद आरोपी नितिन सूरजपुर स्थित कोर्ट पहुंचा और अपने वकील के माध्यम से एक अर्जी दाखिल की।

लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।